Border 2: आर्मी डे के मौके पर जैसे ही ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर रिलीज हुआ, पूरे देश में देशभक्ति की लहर दौड़ गई. 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ को आगे बढ़ाने वाली यह फिल्म एक बार फिर 1971 के भारत-पाक युद्ध पर बनी है. ट्रेलर में देश के लिए जज्बा, सैनिकों का साहस और जुनून हर सीन में झलकता है. इस फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे दमदार कलाकार नजर आ रहे हैं, जिन्होंने ट्रेलर से ही दर्शकों का दिल जीत लिया है. ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा इसके डायलॉग्स की हो रही है. लोग इन्हें बार-बार सुन रहे हैं और गर्व महसूस कर रहे हैं.
सनी देओल का अंदाज
‘फौजी के लिए बॉर्डर सिर्फ नक्शे पर खींची हुई लकीर नहीं है, बल्कि एक वादा है अपने देश से कि जहां वो खड़ा है, उसके आगे कोई नहीं जाएगा.’ सनी देओल की आवाज में बोले गए डायलॉग हमेशा की तरह रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं. उनका एक संवाद साफ कहता है कि दुश्मन चाहे किसी भी रास्ते से आने की कोशिश करे, उसे हर जगह एक भारतीय सैनिक ही मिलेगा. यह डायलॉग सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि देश के लिए जान देने के जज्बे का ऐलान है.
जीत या याद बनकर लौटने का हौसला
ट्रेलर का एक भावुक डायलॉग सैनिक के संकल्प को दिखाता है. जब वरुण अपनी पत्नी से कहते है कि ‘घबराने की तो कोई बात ही नहीं है, फौजी हूं वापस तो आना ही है, या तो जीत कर या याद बन कर. लेकिन आना जरूर है.’ यह लाइन हर उस परिवार की भावना को छूती है, जो अपने बेटे को सरहद पर भेजता है. इसके बाद देश को बचाने के लिए हर सैनिक अपनी जान न्योछावर कर देता है और एक और डायलॉग ने फैंस का दिल जीत लिया है, जिसमें वरुण जोश के साथ दिलजीत और अहान से कहते है कि जब आर्मी एयर फोर्स और नेवी एक साथ हो जाए तो फिर हमें कोई नहीं हरा सकता.
ट्रेलर ने बढ़ाई उम्मीदें
‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर सिर्फ एक फिल्म का प्रमोशन नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति की भावना को फिर से जगा देता है. ये डायलॉग्स मनोरंजन के साथ-साथ देश के जवानों के बलिदान की याद दिलाते हैं. 23 जनवरी को रिलीज होने जा रही यह फिल्म दर्शकों को एक बार फिर गर्व, जज्बे और भाईचारे की कहानी से जोड़ने वाली है.