CJP Protest: NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ CJP (Cockroach Janta Party) का छात्र आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. इस बीच कई बॉलीवुड सितारे भी छात्रों के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं. ईशान खट्टर, सोनू सूद, वीर दास, दिया मिर्जा और सोहा अली खान समेत कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर छात्रों के साथ एकजुटता जताई है. हालांकि, बॉलीवुड के लिए किसी भी सामाजिक या राजनीतिक मुद्दे पर खुलकर बोलना हमेशा आसान नहीं रहा है. पहले भी कई बड़े सितारे किसी आंदोलन या संवेदनशील मुद्दे पर अपनी राय रखने के बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना कर चुके हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ चर्चित मामलों के बारे में.
Deepika Padukone JNU Controversy: जब JNU पहुंचीं दीपिका पादुकोण, 'छपाक' से ज्यादा वायरल हो गई उनकी मौजूदगी
जनवरी 2020 में अपनी फिल्म 'छपाक' की रिलीज से ठीक पहले दीपिका पादुकोण दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) पहुंचीं, जहां छात्रों पर हुई हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था. दीपिका ने मंच से कोई भाषण नहीं दिया और कुछ देर प्रदर्शन में मौजूद रहने के बाद लौट गईं. हालांकि, उनकी मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई. कुछ लोगों ने इसे छात्रों के समर्थन के तौर पर देखा, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे फिल्म के प्रमोशन से जोड़कर सवाल उठाए. इसके बाद #BoycottChhapaak भी ट्रेंड करने लगा. हालांकि, दीपिका या उनकी टीम ने कभी यह दावा नहीं किया कि JNU जाना फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा था.
Kangana Ranaut Social Media Controversy: एक ट्वीट पड़ा भारी, कंगना पर ही पलट गया दांव
2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान कंगना रनौत के कई ट्वीट चर्चा में रहे. इसी दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग महिला प्रदर्शनकारी की पहचान को लेकर विवादित दावा किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना हुई. पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने भी उनके बयानों का जवाब दिया और दोनों के बीच सोशल मीडिया पर लंबी बहस देखने को मिली. यह विवाद कई दिनों तक सुर्खियों में बना रहा.
Aamir Khan Intolerance Controversy: बात निकली तो दूर तक गई… आमिर का बयान बना बड़ा विवाद
साल 2015 में आमिर खान ने देश में बढ़ती असहिष्णुता पर चिंता जताते हुए कहा था कि उनकी पत्नी किरण राव ने एक समय देश छोड़ने तक की बात कही थी. उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. उनकी फिल्मों के बॉयकॉट की मांग उठने लगी और लंबे समय तक यह विवाद चर्चा में रहा. बाद में आमिर ने स्पष्ट किया कि उनका देश छोड़ने का कोई इरादा नहीं था.
Anurag Kashyap CAA NRC Controversy: बेबाक अंदाज पड़ा भारी, ट्रोलर्स के निशाने पर आए अनुराग कश्यप
फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने CAA और NRC के खिलाफ हुए प्रदर्शनों का खुलकर समर्थन किया और सरकार की आलोचना करते हुए कई सोशल मीडिया पोस्ट किए. उनके बयानों को जहां एक वर्ग का समर्थन मिला, वहीं दूसरे वर्ग ने उनकी कड़ी आलोचना की. इसके बाद अनुराग लंबे समय तक सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करते रहे.
Kareena Kapoor Trolling: बिना प्रदर्शन में उतरे भी ट्रोलिंग से नहीं बचीं करीना कपूर
करीना कपूर खान किसी बड़े विरोध-प्रदर्शन का हिस्सा नहीं बनीं, लेकिन सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर उनकी कथित चुप्पी और पुराने बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें कई बार निशाना बनाया गया. समय-समय पर #BoycottKareenaKapoor जैसे हैशटैग भी ट्रेंड हुए. हालांकि, उन्होंने किसी आंदोलन में खुलकर हिस्सा नहीं लिया था.
Priyanka Chopra Farmers Protest Controversy: पहले चुप रहीं, फिर बोलीं… लेकिन ट्रोलिंग फिर भी नहीं रुकी
किसान आंदोलन के दौरान प्रियंका चोपड़ा की शुरुआती चुप्पी पर सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए. बाद में उन्होंने ट्वीट कर किसानों की मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सुने जाने की अपील की. उनके बयान का कुछ लोगों ने स्वागत किया, जबकि कई यूजर्स ने उन्हें देर से प्रतिक्रिया देने को लेकर ट्रोल किया. यानी प्रियंका के लिए बोलना भी आसान नहीं रहा और चुप रहना भी.
ये भी पढ़ें: Gen Z अब सवाल पूछने से नहीं डरती… करीना कपूर से लेकर अनन्या पांडे तक छात्रों के सपोर्ट में उतरे बॉलीवुड सितारे
