Bhool Bhulaiyaa 4: अगर आपको लगा था कि 'भूल भुलैया 3' के साथ रूह बाबा का सफर खत्म हो गया है, तो ऐसा नहीं है. हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'भूल भुलैया' अब एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'भूल भुलैया 4' पर ऑफिशियल तौर पर काम शुरू हो चुका है और कार्तिक आर्यन एक बार फिर अपने किरदार रूह बाबा के रूप में नजर आएंगे.
'भूल भुलैया 4' की स्क्रिप्ट पर शुरू हुआ काम
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, 'भूल भुलैया 4' फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है. निर्माता भूषण कुमार इस फिल्म को आगे बढ़ा रहे हैं और सबसे पहले इसकी मजबूत स्क्रिप्ट तैयार करने पर फोकस किया जा रहा है. रिपोर्ट में कहा गया है कि मेकर्स किसी भी जल्दबाजी में नहीं हैं और स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद ही फिल्म के डायरेक्टर को फाइनल किया जाएगा. बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग 2027 के जुलाई से दिसंबर के बीच शुरू हो सकती है. हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
क्या फिर निर्देशन करेंगे अनीस बज्मी?
'भूल भुलैया' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2007 में हुई थी, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था. इसके बाद 'भूल भुलैया 2' और 'भूल भुलैया 3' का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया और दोनों फिल्मों को दर्शकों का प्यार मिला. रिपोर्ट के अनुसार, इस बार भी अनीस बज्मी के निर्देशन की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, मेकर्स पहले स्क्रिप्ट को अंतिम रूप देना चाहते हैं. इसके बाद ही निर्देशक के नाम और फिल्म की आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
हर पार्ट के साथ बढ़ी 'भूल भुलैया' की लोकप्रियता
'भूल भुलैया' फ्रेंचाइजी ने हर फिल्म के साथ अपनी लोकप्रियता बढ़ाई है. पहली फिल्म के 15 साल बाद 2022 में दूसरा पार्ट रिलीज हुआ, जबकि तीसरा पार्ट 2024 में सिनेमाघरों में आया. तीनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला. 'भूल भुलैया 3' में कार्तिक आर्यन के साथ माधुरी दीक्षित और विद्या बालन भी अहम भूमिकाओं में नजर आई थीं.
कार्तिक आर्यन की आने वाली फिल्में
वर्क फ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन 'नागजिला: नाग लोक का पहला कांड' में नजर आएंगे, जो 2026 में रिलीज होगी. इसके अलावा वह निर्देशक अनुराग बसु की अनटाइटल्ड रोमांटिक फिल्म में श्रीलीला के साथ दिखाई देंगे. इसके अलावा कार्तिक के खाते में 'कैप्टन इंडिया', जिसका निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं और निर्देशक कबीर खान की एक अनटाइटल्ड स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म भी शामिल है.
