Anjali Arora On Ranbir Kapoor Viral Video: रणबीर कपूर का सालों पुराना ‘प्रसाद’ वाला वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. गणपति पूजा के दौरान प्रसाद लेने से मना करने वाले इस क्लिप पर अब सोशल मीडिया क्रिएटर अंजलि अरोड़ा ने रिएक्ट किया है. उन्होंने प्रसाद को भगवान का आशीर्वाद बताते हुए इसे सम्मान के साथ स्वीकार करने की सलाह दी.
रणबीर के प्रसाद लेने से मना करने पर क्या बोलीं अंजलि अरोड़ा?
'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के ट्रेलर लॉन्च पर मीडिया संग बात करते हुए अंजिला अरोड़ा ने कहा, "मैं तो खुद गणपति रख कर आई हूं घर पर और मुझे मीठा बहुत पसंद है. मैं तो बहुत मीठा खाती हूं." उन्होंने आगे कहा, "और वैसे भी जो प्रसाद हमें मिलता है वह आशीर्वाद होता है. उससे हमारा वजन नहीं बढ़ता है. उससे हमें सद्बुद्धि ही मिलती है."
अंजलि बोली- थोड़ा सा खाया करो प्रसाद
अंजलि अरोड़ा ने अपनी बात कंप्लीट करते हुए कहा, "जितना प्रसाद आपको मिले, ये नहीं है कि बहुत सारा खाना है, पर थोड़ा-थोड़ा खाया करो. क्योंकि वो भगवान का आशीर्वाद होता है और आपको नहीं पता कब क्या मिल जाए. सुना है ना किसी भी रूप में नारायण मिल जाएंगे."
क्या था रणबीर कपूर का वायरल वीडियो
रणबीर कपूर का 2023 का एक पुराना वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. जिसमें वह गणपति पंडाल में पहुंचे और बप्पा का आशीर्वाद लिया. इसके बाद पुजारी ने जब उन्हें प्रसाद का डब्बा दिया, तो वह फोटोग्राफर्स की तरफ मुड़े और कहा कि "मैं डाइट पर हूं, आप लोग खा लोगे?" फोटोग्राफर्स के हां कहने पर वह मिठाई का डिब्बा उन्हें दे देते हैं और वहां से चले जाते हैं.
माता सीता के किरदार पर भी बोलीं अंजलि
अंजलि अरोड़ा पौराणिक फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' में माता सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं. ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने अपने किरदार पर कहा, "मैंने खुद इस किरदार को नहीं चुना है. यह भूमिका मुझे भगवान राम और माता सीता ने दी है. मैं भगवान राम और भगवान हनुमान की बहुत बड़ी भक्त हूं. मैं हर मंगलवार हनुमान मंदिर जाती हूं. शायद यह उसी का परिणाम है. अगर उन्होंने मुझे अपना आशीर्वाद दिया है और यह भूमिका करने के लिए कहा है, तो मैं इसे जरूर करूंगी."
