बॉलीवुड में जब भी कल्ट कॉमेडी फिल्मों का जिक्र होता है, तो डायरेक्टर प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी का नाम सबसे पहले आता है. 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला' और 'भूल भुलैया' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के बाद यह जोड़ी अपनी 9वीं फिल्म 'हैवान' के साथ वापसी कर रही है. इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सैफ अली खान भी मुख्य भूमिका में हैं. हालांकि, इस बार यह कोई कॉमेडी नहीं बल्कि एक थ्रिलर-इमोशनल ड्रामा फिल्म होगी.
'अक्षय ने खुद कहा- मुझे साइको का रोल करना है'
प्रियदर्शन ने खुलासा किया कि 'हैवान' में अक्षय कुमार का किरदार कोई आम हीरो जैसा नहीं है. उन्होंने बताया, "मैं अक्षय के साथ कोई नई कॉमेडी फिल्म प्लान नहीं कर रहा था, लेकिन अक्षय ने खुद मुझसे कहा कि उन्होंने आज तक कभी किसी 'साइको' का रोल नहीं निभाया है. मुझे पहले लगा कि वो मजाक कर रहे हैं, लेकिन वो इस रोल को लेकर काफी सीरियस थे." डायरेक्टर का मानना है कि 'पैडमैन' और 'रुस्तम' जैसी फिल्मों से अक्षय ने साबित किया है कि वे सिर्फ कॉमेडी ही नहीं, बल्कि गंभीर रोल में भी कमाल कर सकते हैं.
'आज के एक्टर्स असुरक्षित हैं, उनमें ईगो बहुत है'
आज के दौर में अक्षय कुमार और सैफ अली खान जैसे दो बड़े सुपरस्टार्स को एक साथ लाना किसी करिश्मे से कम नहीं है. इस पर बात करते हुए प्रियदर्शन ने आज की युवा पीढ़ी के एक्टर्स पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, "मैंने अक्षय-गोविंदा, अजय देवगन-अक्षय खन्ना जैसे स्टार्स के साथ काम किया है और कभी कोई ईगो प्रॉब्लम नहीं हुई. पुराने दौर के एक्टर्स को पता होता था कि उनके रोल में दम है. लेकिन आज की नई पीढ़ी बहुत इनसिक्योर है. वे यह देखने में ज्यादा परेशान रहते हैं कि दूसरा एक्टर क्या कर रहा है, बजाय इसके कि वे अपने काम पर ध्यान दें."
ये भी पढ़ें: असरानी का आखिरी सीन देख भावुक हुए अक्षय कुमार, बोले- ‘आप जैसा कोई नहीं’, ‘हैवान’ में दिखेगी आखिरी झलक
'अक्षय का मुझ पर अंधविश्वास है'
9 फिल्मों में एक साथ काम करने के बाद अक्षय और अपने रिश्ते पर बात करते हुए प्रियदर्शन ने कहा कि उनके बीच भरोसा बहुत मजबूत है. अक्षय कभी उनसे सवाल-जवाब नहीं करते, बस सेट पर आते हैं और शॉट दे देते हैं. उन्होंने कहा कि अक्षय का उन पर 'ब्लाइंड फेथ' है, जो उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी देता है कि वे खिलाड़ी कुमार को कभी निराश न करें.
कॉमेडी की इमेज से बाहर आने की कोशिश
'हेरा फेरी' के बाद प्रियदर्शन के सिर पर 'कॉमेडी किंग' का टैग लग गया था. हालांकि, उन्होंने साउथ में हमेशा संजीदा और गंभीर फिल्में बनाई हैं. 'हैवान' को लेकर प्रियदर्शन ने साफ किया कि यह कोई बहुत डार्क या डिप्रेसिंग फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें हंसी के पल और एक मजबूत इमोशनल एंगल भी है, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता है.
