‘राज’ फिल्म तो आपको याद ही होगी. इस फिल्म में मालिनी शर्मा ने अपनी खूबसूरती और एक्टिंग से खूब चर्चा बटोरी थी. फिल्म के बाद वह अचानक फिल्मों की दुनिया से दूर हो गईं और लाइमलाइट से भी गायब हो गईं. अब इतने साल बाद मालिनी शर्मा ने खुद बताया है कि उन्होंने फिल्मों से दूरी क्यों बनाई थी. इतना ही नहीं, जब एक फैन ने उनसे दोबारा फिल्मों में लौटने को कहा, तो एक्ट्रेस ने ऐसा जवाब दिया, जिससे कमबैक की उम्मीद पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.
बच्चों की परवरिश के लिए फिल्मों से बनाई दूरी
मालिनी शर्मा ने SCREEN को दिए इंटरव्यू में बताया कि ऐसा नहीं था कि वह अचानक इंडस्ट्री से गायब हो गई थीं. उन्होंने कुछ समय कैमरे के पीछे भी काम किया. इसके बाद जब उनके बच्चे उनकी जिंदगी में आए तो उनका पूरा ध्यान उनकी देखभाल पर चला गया.
एक फैन ने उनसे पूछा था कि उन्होंने फिल्में क्यों छोड़ दीं. इस पर मालिनी ने बताया कि वह अपने बच्चों की देखभाल में बिजी थीं. यानी फिल्मों से दूरी बनाने की सबसे बड़ी वजह उनका परिवार और बच्चों की परवरिश थी.
एक्टिंग में वापसी करेंगी मालिनी शर्मा?
मालिनी शर्मा के फैंस उन्हें दोबारा पर्दे पर देखना चाहते हैं. एक फैन ने उनसे फिल्मों में लौटने की अपील भी की. इस पर मालिनी ने कहा, ‘किस्मत में होगा तो...’
उनके इस जवाब से इतना तो साफ है कि उन्होंने कमबैक की बात को पूरी तरह मना नहीं किया है. हालांकि, उन्होंने अभी यह कन्फर्म नहीं किया है कि वह किसी फिल्म या शो में काम करने वाली हैं.
यह भी पढ़ें: 23 साल बाद फिर वायरल हुईं ‘राज’ की मालिनी शर्मा, फैंस ने पहचानते ही बरसाया प्यार, मैसेज-कॉल्स की आई बाढ़
एक्ट्रेस बनने का कभी सपना ही नहीं देखा था
मालिनी ने एक और कमेंट में बताया कि उन्होंने कभी एक्ट्रेस बनने का सपना नहीं देखा था. उनके मुताबिक, ‘राज’ में काम करना अचानक हुआ और वह बस उस मौके के साथ आगे बढ़ती चली गईं.
फिल्म रिलीज होने के बाद उन्हें इतनी ज्यादा पहचान मिली कि वह खुद भी समझ नहीं पा रही थीं कि आगे क्या करना है. इसके बाद उन्होंने थोड़ा रुकने और अपनी जिंदगी पर ध्यान देने का फैसला किया.
‘राज’ के बाद खूब पॉपुलर हुई थीं मालिनी
मालिनी शर्मा 2000 के दशक की चर्चित एक्ट्रेसेस में से एक थीं. ‘राज’ में काम करने के बाद उनकी पहचान घर-घर में हो गई थी. इससे पहले वह टीवी शो ‘C.A.T.S.’ और कई म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आ चुकी थीं.
उनका पॉपुलर गाना ‘सावन में लग गई आग’ भी लोगों को खूब पसंद आया था. उस समय मालिनी शर्मा की गिनती बॉलीवुड के पहचाने जाने वाले चेहरों में होती थी.
अब फिल्मों से दूर फार्मस्टे चला रही हैं
आज मालिनी शर्मा की जिंदगी काफी अलग है. वह लाइमलाइट से दूर सह्याद्री हिल्स में रहती हैं और फार्मस्टे चलाती हैं. उन्होंने ‘द स्लो लोकल’ नाम से अपना ब्रांड भी बनाया है.
हाल ही में उनकी जिंदगी की झलक सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग उनके बारे में फिर से जानने लगे. उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या भी तेजी से बढ़ी है.
