मुंबई : बीते जमाने के मशहूर अभिनेता जितेंद्र के चचेरे भाई और साउथ की अभिनेत्री जयासुधा के पति नितिन कपूर ने मुंबई में मंगलवार को खुदकुशी कर ली. प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्होंने छठी मंजिल के टेरेस से कूद कर अपनी जान दे दी.
बताया जा रहा है कि अवसाद को लेकर उनका इलाज चल रहा था. इस संबंध में पुलिस ने जानकारी दी कि 58 वर्षीय नितिन ने अंधेरी (पश्चिम) स्थित छह मंजिला इमारत की छत से दोपहर के वक्त छलांग लगायी जहां वे रहा करते थे.
पुलिस प्रवक्ता डीसीपी अशोक धुडे ने बताया कि जितेंद्र के रिश्ते के भाई नितिन पिछले 18 साल से बेरोजगार थे. उनका परिवार हैदराबाद में रहता है और वह अपनी बहन के घर में मुंबई में रहते थे. उन्होंने बताया कि वह पिछले डेढ साल से अवसाद में थे और फरवरी से एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था.
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. दुर्घटनावश मौत का एम मामला वरसोवा पुलिस थाना में दर्ज किया गया है. फिलहाल आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है.
