फिल्मकार सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ को लेकर अभिनेता सलमान खान इनदिनों खासा सुर्खियां बटोर रहे हैं. वहीं सलमान ने अपने फैंस को सरप्राइज करने के लिए अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनकी मां अभिनेत्री हेलेन और वहीदा रहमान फिल्म के गाने में ठुमके लगाती नजर आ रही हैं.
सलमान ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा,’ प्रेम रतन धन पायो गाने पर दो खूबसूरत वूमेन का परफॉरमेंस.’ हेलेन और वहीदा दोनों इस गाने को इंज्वॉय कर रही हैं और डांस भी कर रही है. इससे पहले भी इस गाने में शिल्पा शेट्टी और श्रीदेवी ठुमके लगाती नजर आई थी.
इस फिल्म में सलमान लंबे समय बाद एकबार फिर प्रेम के किरदार में नजर आनेवाले हैं. वहीं सूरज और सलमान की जोड़ी भी काफी समय बाद एकसाथ काम कर रही है. फिल्म के ट्रेलर के साथ-साथ दर्शकों ने फिल्म के गानों को भी अच्छा रिस्पांस दिया है. दर्शक बड़ी ही बेसब्री से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं.
फिल्म में सलमान के अलावा सोनम कपूर, नील नितिन मुकेश, स्वरा भास्कर और अनुपम खेर जैसे कई कलाकार मुख्य भूमिका में हैं. सलमान फिल्म में डबल रोल में दिखाई देंगे. फिल्म आगामी 12 नवंबर को रिलीज हो रही है.
