मुंबई : बॉलीवुड में अपने फन का जलवा बिखेर चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपडा अब अमेरिकी टीवी शो में नजर आने वालीं हैं. यह उनका पहला अमेरिकी टीवी शो है जिसका नाम ‘क्वांटिको’ है जो प्रसारण के लिए तैयार है. प्रियंका चोपडा एबीसी के कार्यक्रम का हिस्सा बनने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री हैं. पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका ने ‘क्वांटिको’ में एक युवा एफबीआई रंगरुट एलेक्स पैरिश का किरदार निभाया है. जेक मैकलोगलीन, डोग्रे स्कॉट और औनजानू एलिस भी इस धारावाहिक का हिस्सा हैं.
प्रियंका चोपडा ने ट्विटर पर लिखा कि आखिरकार वह दिन आ गया, जब एबीसी नेटवर्क का ‘क्वांटिको’ प्रसारण के लिए तैयार है. ‘क्वांटिको’ की कहानी एफबीआई के युवा सदस्यों के समूह की है जो वर्जीनिया स्थित क्वांटिको में प्रशिक्षण के दौरान अपनी मंजिल पाने के लिए संघर्ष करते हैं. ‘गॉसिप गर्ल’ में काम करने वाली जोश साफरान ने इसकी पटकथा लिखी है जबकि मार्क मुंडेन ने इसका निर्देशन किया है.
