जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बायोपिक के रूप में प्रचारित हालिया रिलीज फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में झारखंड के जमशेदपुर की शेनाया (शिल्पा) शर्मा ने भी काम किया है. शेनाया ने इस फिल्म में रिपोर्टर की भूमिका निभायी है. शेनाया ने बताया कि इस रोल के लिए अक्तूबर में ऑडिशन हुआ था. मैं ….. से ऑडिशन देकर जमशेदपुर वापस आ गयी.
एक दिन वहां से कॉल आया और सेलेक्शन होने की सूचना मिली. मैं तुरंत मुंबई लौटी और फिल्म की शूटिंग आरंभ हो गयी. फिल्म के एक सीन में अनुपम खेर (पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के रूप में) संसद भवन से बाहर निकलते हैं और मीडिया रिपोर्टर उन्हें घेर लेते हैं. सवालों की उन पर बौछार होने लगती है लेकिन वे सिर्फ मेरे सवाल का जवाब देते हैं. दूसरा सीन न्यूज रूम का है.
इस फिल्म में रोल मिलना अहम बात
शेनाया ने बताया कि इस फिल्म में रोल मिलना ही अपने आप में ऐतिहासिक है. देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री कार्यकाल की घटनाएं इस फिल्म की कहानी है. सेट पर अनुपम खेर जैसे बड़े अभिनेता के साथ काम करने का मौका मिला है. बड़े फिल्म में रोल मिलने से कई चीजों को सीखने का अवसर मिलता है. उसे तब बहुत खुशी हुई जब अनुपम खेर ने उसके काम को सराहा.
एकता कपूर की सीरियल में कर चुकी हैं काम
गम्हरिया निवासी शेनाया अब तक कई टीवी सीरियल में अभिनय कर चुकी हैं. उद्योगपति राम प्रसाद शर्मा एवं उषा शर्मा की बेटी शेनाया सीआइडी, सावधान इंडिया, सुपर कॉप्स वर्सेस सुपर विलेन, मसकली, रंगभेरी, गुमराह जैसे सीरियल में काम कर चुकी हैं. वह बांग्ला फिल्म ‘ भालोबासा आलोर आशा’ समेत राजस्थानी, भोजपुरी एवं हिंदी फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं. राजस्थानी फिल्म रंग दे बसंती में सतीश भारद्वाज के साथ वह अपोजीट रोल में थीं. गम्हरिया केरला पब्लिक स्कूल से 10 वीं और डीबीएमएस से 12वीं कर चुकीं शेनेया फिलहाल मुंबई में रहती हैं. जमशेदपुर में जानने वाले उन्हें शिल्पा कह कर बुलाते हैं.
