जानें किसने तोड़ा था अमिताभ का पहला सपना

नयी दिल्ली : कम ही लोगों को पता है कि बॉलीवुड में किस्मत आजमाने से पहले मेगास्टार अमिताभ बच्चन रेडियो प्रस्तोता बनना चाहते थे और इसके लिए वह ऑल इंडिया रेडियो के मुंबई स्टूडियो ऑडिशन देने भी गए थे. अपने नये कार्यक्रम सितारों की जवानियां के साथ रेडियो पर वापसी कर रहे प्रसिद्ध रेडियो उदघोषक […]

नयी दिल्ली : कम ही लोगों को पता है कि बॉलीवुड में किस्मत आजमाने से पहले मेगास्टार अमिताभ बच्चन रेडियो प्रस्तोता बनना चाहते थे और इसके लिए वह ऑल इंडिया रेडियो के मुंबई स्टूडियो ऑडिशन देने भी गए थे.

अपने नये कार्यक्रम सितारों की जवानियां के साथ रेडियो पर वापसी कर रहे प्रसिद्ध रेडियो उदघोषक अमीन सयानी ने बताया कि उनके पास तब अमिताभ से मिलने का समय नहीं था क्योंकि अभिनेता ने वॉइस ऑडिशन के लिए पहले से समय नहीं लिया था.

सयानी ने दिए एक साक्षात्कार में कहा, यह 1960 के दशक के आखिर में कभी हुआ था जब मैं एक हफ्ते में 20 कार्यक्रम करता था. हर दिन मेरा अधिकतर समय साउंड स्टूडियो में गुजरता था क्योंकि मैं रेडियो प्रोग्रामिंग की हर प्रक्रिया में शामिल रहता था. एक दिन अमिताभ बच्चन नाम का एक युवक बिना समय लिए वॉइस ऑडिशन देने आया.

उन्होंने कहा, मेरे पास उस पतले दुबले व्यक्ति के लिए बिल्कुल समय नहीं था. उसने इंतजार किया और लौट गया, इसके बाद भी वह कई बार आया. लेकिन मैं उससे नहीं मिल पाया और रिसेप्शनिस्ट के माध्यम से यह कहता रहा कि वह पहले समय ले फिर आए. 81 वर्षीय सयानी को बाद में पता चला कि वह अमिताभ थे जो ऑडिशन के लिए उनके कार्यालय आते थे.

जब सयानी ने आनंद फिल्म (1971) का एक ट्रॉयल शो देखा तो वह अमिताभ के व्यक्तित्व और आवाज से प्रभावित हुए और तब उन्हें पता नहीं था कि वह अमिताभ ही थे जो ऑडिशन के लिए आए थे. इस फिल्म में अमिताभ के साथ राजेश खन्ना ने काम किया था.

सयानी ने कहा, अमिताभ एक अवार्ड समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में आए थे और उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए तीन बार ऑडिशन के लिए रेडियो स्टेशन जाने की बात कही और कहा कि उन्हें ऑडिशन में बैठने भी नहीं दिया गया. मैं सुनकर चौंक गया. बाद में जब मैंने उनका साक्षात्कार किया तो हमने इसपर लंबी चर्चा की और हंसे. लेकिन पद्मश्री से सम्मानित रेडियो प्रस्तोता का मानना है कि जो हुआ वह अच्छे के लिए ही हुआ.

उन्होंने कहा, हालांकि आज मुझे इसके लेकर खेद होता है, मुझे लगता है कि जो हुआ वह हम दोनों के लिए अच्छा हुआ. मैं सड़क पर होता और उन्हें रेडियो पर इतना काम मिलता कि भारतीय सिनेमा अपने सबसे बडे सितारे से वंचित रह जाता. सयानी अपने नये कार्यक्रम सितारों की जवानियां मे प्रसिद्ध अभिनेताओं, अभिनेत्रियों, खलनायकों, हास्य कलाकारों और चरित्र अभिनेताओं से जुडे ऐसे ही दिलचस्प किस्से पेश करेंगे. कार्यक्रम रेडियो सिटी पर हर रविवार की शाम को प्रसारित होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >