तनुश्री दत्ता ने दोहराया कि 2008 में एक फिल्म के सेट पर अभिनेता नाना पाटेकर ने उनके साथ कई बार छेड़छाड़ की. वहीं पाटेकर ने आरोपों से इनकार किया है. इसके बादसेही तनुश्री दत्ता को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बहस छिड़ गई है. कई लोग उन्हें सही ठहरा रहे हैं तो कुछ उनकी मंशा पर सवाल उठा रहे हैं. इसी बीच दो ऐसे गवाह सामने आये हैं जिन्होंने सिलसिलेवार तरीके से बताया कि उस दिन आखिर ‘हॉर्न OK प्लीज’ के सेट पर हुआ क्या था.
इन दोनों गवाहों में एक उस फिल्म की असिसटेंट डायरेक्टर हैं तो एक पत्रकार. पत्रकार जेनिस सेकिरा ने ट्वीट के माध्यम से उन दिन की पूरी कहानी बयां की है.
उन्होंने ट्वीट किया,’ साल 2008 में एक रिपोर्ट होने के नाते फिल्म के सेट पर पहुंची थी. मैं जब पहुंची तो मुझे बताया गया कि शूटिंग रूकी हुई है क्योंकि अभिनेत्री तनुश्री दत्ता कोऑपरेट नहीं कर रही हैं जिससे मुश्किल हो रही है. जब मैं पहुंची तो मैंने देखा कि फिल्म के निर्माता, कोरियोग्राफर गणेश आचार्य और नाना पाटेकर किसी बारे में बात कर रहे हैं और तनुश्री दत्ता किसी बात को लेकर बेहद परेशान दिख रही हैं.’
उन्होंने ट्वीट में आगे लिखा,’ हालांकि कुछ देर बाद शूटिंग फिर से शुरू हो गई. कुछ शॉट्स के बाद नाना पाटेकर भी उनके साथ एक फ्रेम में आ गये. लेकिन इसके बाद तनुश्री दत्ता सेट छोड़कर अपनी वैनिटी वैन में चली गईं और खुद को लॉक कर लिया. इसके बाद कुछ लोगों ने वैनिटी वैन के दरवाजे को पीटना शुरू कर दिया लेकिन वे बाहर नहीं आईं. निर्माता ने सेट पर पुलिस को बुलाया और इन सबके बीच नाना पाटेकर यह कहते सुनाई दिये कि वो मेरी बेटी जैसी है.’
जेनिस सेकिरा ने ट्वीट किया,’ इन सबके बीच ही तनुश्री के माता-पिता सेट पर पहुंचे और उन्हें ले जाने लगा. इस दौरान वहां खड़े कुछ लोगों ने उनकी कार पर हमला कर दिया और शीशे भी तोड़ दिये.’ जेनिस से बताया कि इसके बाद उन्होंने तनुश्री दत्ता को संपर्क किया था जिसमें तनुश्री ने बताया कि तीन दिने के रिहर्सल के बाद गणेश आचार्य ने शूटिंग वाले दिन सारे स्टेप्स चेंज कर दिये थे. उन्होंने मुझे कुछ वाहियात डांस स्टेप्स दिये जिसे मुझे नाना पाटेकर के साथ फिल्माने के लिए कहा जा रहा था.
जेनिस के इन ट्विट्स के बाद फिल्म की असिसटेंट डायरेक्टर रहीं शाइनी शेट्टी ने भी कहा कि इस ट्वीट थ्रेड में जो कहा गया है वह सही है और उस दिन ऐसा ही हुआ था. वो मेरी पहली फिल्म थी जिसमें मैं बतौर असिसटेंट डायरेक्टर काम कर रही थी. तनुश्री ने उस दिन जो किया और आज जो किया उसके लिए हमें उस पर गर्व है.
