Exclusive: Bigg Boss 20 में आसिफ के झगड़ों पर अम्मी का रिएक्शन, बोलीं- ‘मुझे बिल्कुल डर नहीं लगता’

Bigg Boss 20 में आसिफ की अम्मी ने बेटे के झगड़ों और गेम को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें आसिफ के लड़ाई-झगड़ों से डर नहीं लगता, क्योंकि वह बचपन से साफ दिल का रहा है.

Bigg Boss 20 के घर में आसिफ का एक बार फिर झगड़ा चर्चा में है. घर में बढ़ते विवादों के बीच अब उनकी अम्मी ने बेटे के गेम और उसके लड़ाई-झगड़ों पर खुलकर बात की है. हालांकि, बेटे को इस तरह भिड़ते देखकर भी वह बिल्कुल परेशान नहीं हैं. उनका कहना है कि आसिफ बचपन से ही साफ दिल का रहा है और जो उसके दिल में होता है, वही उसकी जुबान पर होता है.

सलमान के सामने बेटे ने अम्मी को बुलाया तो भर आया दिल

सलमान खान के सामने जब आसिफ ने स्क्रीन पर ही अपनी अम्मी को बुलाया, तो सालों का संघर्ष जैसे उनकी आंखों के सामने आ गया.

उस खास पल को याद करते हुए आसिफ की अम्मी कहती हैं, “वह पल मेरे लिए बेहद इमोशनल था. सच कहूं तो दिल भर आया था. हर मां का यही सपना होता है कि उसका बच्चा जिंदगी में खूब तरक्की करे और नाम कमाए.”

वह आगे कहती हैं, “आज जब लोग मुझे मेरे नाम के बजाय ‘आसिफ की अम्मी’ कहकर पहचानते हैं, तो एक मां होने के नाते इससे बड़े गर्व और खुशी की बात मेरे लिए और कुछ नहीं हो सकती. उसकी मेहनत रंग लाई और मेरा सपना पूरा हो गया.”

Bigg Boss में बेटे के झगड़ों से नहीं डरतीं आसिफ की अम्मी

Bigg Boss के घर में रोज होने वाले विवादों को लेकर जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें आसिफ के एडजस्ट करने की चिंता होती है, तो उनका जवाब बेहद साफ था. उन्हें बेटे के लड़ाई-झगड़ों से डर नहीं लगता.

वह कहती हैं, “मुझे लड़ाई-झगड़ों का डर बिल्कुल नहीं सताता. आसिफ बचपन से ही बहुत साफ दिल का इंसान रहा है. जो उसके दिल में होता है, वही उसकी जुबान पर होता है.”

बिग बॉस 20 पहली फाइट

यही वजह है कि वह Bigg Boss के घर में भी बेटे को लेकर ज्यादा परेशान नहीं हैं. उनका मानना है कि आसिफ अपनी समझदारी से हर परिस्थिति को संभाल लेगा.

पहले Siddharth Shukla का गेम पसंद था, अब हर दिन आसिफ को देखती हैं

आसिफ की अम्मी बताती हैं कि वह पहले Bigg Boss को नियमित तौर पर नहीं देखती थीं. बच्चे कभी टीवी या रील्स पर शो से जुड़ी चीजें दिखा देते थे. लेकिन इस बार कहानी अलग है. इस बार उनका बेटा खुद Bigg Boss के घर में है, इसलिए वह रोज पूरा शो ध्यान से देखती हैं.

पुराने सीजन के बारे में पूछने पर वह Siddharth Shukla का नाम लेती हैं. वह बताती हैं कि उन्हें उनका गेम काफी पसंद आया था और वह उनके बाकी शोज भी देखा करती थीं.

लेकिन इस सीजन में उनकी नजर किसी और पर नहीं, सिर्फ अपने बेटे पर है.

माही और आम्रपाली को मानती हैं मजबूत खिलाड़ी

Bigg Boss के घर में आसिफ को सबसे कड़ी टक्कर किससे मिल सकती है? इस सवाल पर उनकी अम्मी ने किसी एक कंटेस्टेंट का नाम लेने से बचते हुए कहा कि शो को अभी कुछ ही दिन हुए हैं.

हालांकि शुरुआती गेम देखकर उन्हें माही और आम्रपाली मजबूत खिलाड़ी लगती हैं.

वह कहती हैं, “शो तो अभी-अभी शुरू हुआ है. महज दो-तीन-चार दिन ही हुए हैं. लेकिन अभी शुरुआत देखकर मुझे माही जी और आम्रपाली जी काफी मजबूत खिलाड़ी लगती हैं.”

वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या वह चाहती हैं कि आसिफ घर में किसी खास कंटेस्टेंट से दूरी बनाकर रखे, तो उन्होंने ऐसा मानने से इनकार कर दिया.

उनके मुताबिक, “मैं बिल्कुल नहीं चाहूंगी कि आसिफ घर में किसी से भी दूरी बनाए. शो में जितने भी कंटेस्टेंट्स आए हैं, सब बराबर हैं, सब बहुत प्यारे हैं और अपना खेल खेलने आए हैं.”

‘गजब बेइज्जती है?’ सुनकर मां का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है

आसिफ का डायलॉग ‘गजब बेइज्जती है?’ उनके फैन्स के बीच काफी लोकप्रिय रहा है. अब जब लोग उनकी अम्मी से मिलते हैं और यही डायलॉग बोलकर आसिफ के लिए अपना प्यार जाहिर करते हैं, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है.

वह कहती हैं, “जब लोग मुझसे मिलते हैं और आसिफ का वह डायलॉग बोलकर प्यार जताते हैं, तो एक मां के तौर पर मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है. बहुत खुशी होती है यह देखकर कि आज उसे लोग उसके काम और उसकी मेहनत से पहचानते हैं.”

यानी जो डायलॉग कभी सिर्फ आसिफ की पहचान का हिस्सा था, आज वही उनकी अम्मी के लिए बेटे की लोकप्रियता और लोगों के प्यार की निशानी बन गया है.

12-13 साल की उम्र में पिता को खोया, अकेले मां ने संभाली चार बच्चों की जिंदगी

आसिफ की जिंदगी और उनकी अम्मी की कहानी का सबसे भावुक हिस्सा उनके बचपन से जुड़ा है. जब उनके पिता का इंतकाल हुआ, तब आसिफ की उम्र महज 12-13 साल के करीब थी. चार बच्चों की जिम्मेदारी अब उनकी मां के कंधों पर थी.

वह बताती हैं, “उस मुश्किल घड़ी में मैंने अपने चारों बच्चों को ही अपनी पूरी दुनिया और जिंदगी बना लिया. मैंने हमेशा यही कोशिश की कि उन्हें बेहतरीन परवरिश और संस्कार दे सकूं.”

सिंगल मदर के तौर पर मुश्किलें कम नहीं थीं. अकेलापन था, जिम्मेदारियां थीं और बच्चों का भविष्य भी सामने था. लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी.

वह कहती हैं, “मुझे इस बात का बहुत सुकून है कि मेरे बच्चों ने भी उस उम्र में बड़ी समझदारी दिखाई. उन्होंने मुझे कभी परेशान नहीं किया और न ही कभी किसी चीज की बेवजह जिद की. मेरी इस यात्रा में बच्चों का साथ और उनकी समझदारी ही मेरी सबसे बड़ी ताकत बनी.”

आज Bigg Boss के घर में आसिफ को देखकर शायद उनके लिए वह पूरा सफर फिर से सामने आ जाता है.

मां चाहती हैं आसिफ ट्रॉफी के साथ लोगों का दिल भी जीते

क्या आसिफ Bigg Boss की ट्रॉफी जीत सकते हैं? इस सवाल पर उनकी अम्मी का जवाब किसी भी मां जैसा है. वह बेटे को जीतते हुए देखना चाहती हैं, लेकिन उनके लिए जीत का मतलब सिर्फ ट्रॉफी नहीं है.

वह कहती हैं, “हार-जीत तो खेल का हिस्सा है, चलती रहती है. एक मां होने के नाते मेरी इच्छा है कि आसिफ यह ट्रॉफी जीतकर आए. लेकिन मेरी उससे सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि वह खेल को ईमानदारी और अच्छे से खेले, सबका सम्मान करे.”

वह आगे कहती हैं, “ट्रॉफी अपनी जगह है, लेकिन मैं चाहती हूं कि वह दर्शकों का दिल जीते और किसी का भी दिल न दुखाए. अगर वह लोगों का प्यार जीतकर आता है, तो मेरे लिए वही सबसे बड़ी जीत होगी.”

ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: 'नहाते टाइम कॉल कर लूंगा'... कनिका से ये क्या बोल गए यंग, भड़के यूजर्स बोले- वीकेंड का वार पर हो हिसाब

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नेहा वर्मा

Neha Verma is an entertainment journalist with over 11 years of experience in Bollywood and digital journalism. She has worked with leading media brands including Aaj Tak, Navbharat Times and Dainik Jagran, reporting on celebrities, films, television and the wider entertainment industry. Known for her exclusive stories and breaking news coverage, she has worked in both Delhi and Mumbai. She currently heads the Entertainment section at Prabhat Khabar Digital.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >