भोजपुरी सिनेमा के स्टार रवि किशन की साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर: द शूटर’ इन दिनों अचानक चर्चा में आ गई है. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म के रिलीज होने के 13 साल बाद सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. इस पर अब खुद रवि किशन ने भी प्रतिक्रिया दी है.
‘धुरंधर’ को लेकर रवि किशन ने क्या कहा?
मुंबई में ‘धमाल 4’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान रवि किशन ने इस पूरे मामले पर खुलकर बात की. रवि ने मजाकिया अंदाज में अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हां, मुझे पता है. मेरी जिंदगी में ऐसे धमाके होते रहते हैं. मैंने ‘धुरंधर’ नाम की एक फिल्म में काम किया था. वह भी इसी तरह की थी, लेकिन वह एक भोजपुरी फिल्म थी, जो एक तय बजट में बनाई गई थी. अब लोग दूसरी ‘धुरंधर’ देखना चाहते थे या फिर उसके क्रेज में थे, लेकिन देखने बैठे मेरी ‘धुरंधर’. इसके लिए मैं सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं.” उन्होंने आगे हंसते हुए कहा, “इस फिल्म के निर्माता और इसके राइट्स रखने वाले लोग तो अचानक करोड़पति बन गए होंगे.”
13 साल बाद फिर क्यों चर्चा में आई फिल्म?
साल 2013 में रिलीज हुई ‘धुरंधर: द शूटर’ का निर्देशन दीपक तिवारी ने किया था. फिल्म में रवि किशन के साथ संगीता तिवारी मुख्य भूमिका में नजर आई थी. हाल के दिनों में रणवीर सिंह की सुपरहिट ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइज़ी को लेकर काफी चर्चा हो रही है. इसी दौरान कई लोग इंटरनेट पर ‘धुरंधर’ सर्च कर रहे थे. खोज के दौरान उन्हें रवि किशन की पुरानी भोजपुरी फिल्म भी दिखाई दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में दर्शकों ने इसे देखना शुरू कर दिया.
‘धमाल 4’ में नजर आएंगे रवि किशन
वर्कफ्रंट की बात करें तो रवि किशन जल्द ही ‘धमाल 4’ में दिखाई देंगे. यह कॉमेडी-एडवेंचर फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
यह भी पढ़ें– बिरयानी विवाद में एंट्री हुई एक और कॉमेडियन की, प्रणित मोरे फिर निशाने पर
