भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की फिल्म 'वांटेड' के प्रोड्यूसर जसवंत कुमार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने कथित 78 लाख रुपये के निवेश धोखाधड़ी मामले में मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, जसवंत कुमार को अंधेरी वेस्ट के वीरा देसाई रोड इलाके से पकड़ा गया. उनके खिलाफ कोर्ट की ओर से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
पवन सिंह की फिल्म 'वांटेड' के प्रोड्यूसर जसवंत कुमार गिरफ्तार
जांच एजेंसियों के अनुसार, जसवंत कुमार पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म 'वांटेड' में निवेश कराने के नाम पर एक निवेशक से 78 लाख रुपये लिए थे. समझौते के तहत फिल्म रिलीज होने के बाद निवेश की रकम वापस करने या मुनाफे में हिस्सा देने का वादा किया गया था. हालांकि, फिल्म रिलीज होने के बावजूद निवेशक को न तो उसकी मूल रकम मिली और न ही किसी तरह का लाभ.
जसवंत कुमार ने जांच में नहीं किया था सहयोग
निवेशक की शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के चोलापुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच करीब तीन साल से चल रही थी और इस दौरान जसवंत कुमार ने कई बार जांच में सहयोग नहीं किया.
वाराणसी के चोलापुर थाने की टीम जसवंत कुमार से करेगी पूछताछ
बाद में उनकी लोकेशन की पुख्ता जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और अंधेरी वेस्ट से उन्हें हिरासत में ले लिया. गिरफ्तारी के बाद जसवंत कुमार को मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जहां से उत्तर प्रदेश पुलिस को ट्रांजिट रिमांड मिल गया. इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए उत्तर प्रदेश ले जाया गया. पुलिस के अनुसार, अब इस पूरे मामले की आगे की जांच वाराणसी के चोलापुर थाने की टीम करेगी.
ये भी पढ़ें: 'भोजपुरी बवाल': तेजप्रताप के डिनर में पवन सिंह का हंगामा, निरहुआ की इस बात पर गुस्से में छोड़ी पार्टी!
