Anupama: टीवी की दुनिया का सबसे पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. हाल ही में एक एपिसोड में अनुपमा का गुस्सा ऐसा फूटा कि उसका डायलॉग सुनकर लोग हैरान हो गए और हंसी से लोटपोट करने लगे. कहानी में अनुपमा अपनी बचपन की दोस्त रजनी देसाई पर बुरी तरह भड़क जाती है. रजनी की हरकतें इतनी घटिया होती हैं कि अनुपमा का सब्र टूट जाता है. वह सीधे रजनी के घर पहुंच जाती है और गुस्से में ऐसा धमाकेदार डायलॉग बोलती है, जो अब इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है.
रजनी की चटनी बनाएगी अनुपमा
इस सीन में अनुपमा चाकू लेकर रजनी को चेतावनी देने जाती है कि अगर उसने उसकी बेटियों को परेशान किया, तो अंजाम बहुत बुरा होगा. इसके बाद अनुपमा रजनी को बालों से पकड़कर, घसीटकर, दौड़ा-दौड़ाकर, जूते-चप्पलों से मारने तक की धमकी दे देती है. इतना ही नहीं, वह यह भी कहती है कि इतना मारेगी कि दर्द भी कन्फ्यूज हो जाएगा कि किस चोट पर ध्यान दें. अनुपमा के इस लंबे और तीखे डायलॉग ने लोगों को बॉलीवुड के मशहूर एक्शन हीरो सनी देओल की याद दिला दी. सोशल मीडिया पर लोग मजाक में लिख रहे हैं कि अगर यह डायलॉग सनी देओल सुन लें, तो उनकी भी टांगें कांप जाएंगी.
यूजर्स के रिएक्शन
इस क्लिप को जैसे ही इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया, वैसे ही मीम्स और मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई. किसी ने लिखा कि उसने कभी अनुपमा नहीं देखा, लेकिन इतना गुस्सा देखकर अब शो देखने का मन हो गया. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि जब मैथ्स में 2 नंबर आते हैं, तो उसकी मां का रिएक्शन बिल्कुल ऐसा ही होता है. वहीं एक फॉलोअर ने यशराज मुखाटे को टैग करते हुए कहा कि इस डायलॉग का म्यूजिकल वर्जन आना चाहिए.
बता दें, कहानी में रजनी देसाई बार-बार अनुपमा की बेटियों परी और ईशानी को परेशान करवाती है और उनके पीछे गलत लोग लगवा देती है. अनुपमा वक्त रहते अपनी बेटियों को बचा लेती है, लेकिन इसके बाद वह रजनी को सबक सिखाने उसके घर पहुंचती है. वहीं से यह पूरा धमाकेदार सीन शुरू होता है.
