Amitabh Bachchan 83 साल की उम्र में भी लगातार काम कर रहे हैं. इन दिनों वह ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन को होस्ट कर रहे हैं. इसी बीच उन्होंने अपने ब्लॉग पर काम के दौरान की अपनी व्यस्त दिनचर्या के बारे में बताया है. अमिताभ ने कहा कि हाल में उनके काम के घंटे इतने ज्यादा बढ़ गए थे कि उन्हें सोने और खाने तक का समय नहीं मिल पा रहा था. अब KBC का नया सीजन शुरू होने के साथ उन्होंने अपने फैंस से फिर से जुड़ने की बात कही है.
सुबह 7 बजे से अगले दिन सुबह 7 बजे तक काम
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया कि पिछले कुछ समय से काम का शेड्यूल काफी व्यस्त था. उन्होंने लिखा, “काम के घंटे सुबह 7 बजे से लेकर लगभग अगले दिन सुबह 7 बजे तक चल रहे थे.” यानी वह कई बार लगातार 24 घंटे तक काम कर रहे थे.
उन्होंने आगे बताया कि इस वजह से उन्हें अपने ब्लॉग के जरिए फैंस से जुड़ने का समय भी नहीं मिल पा रहा था. अमिताभ ने इसके लिए अपने फैंस से माफी भी मांगी.
नींद और खाने तक के लिए नहीं मिला समय
अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में बताया कि लगातार काम करने की वजह से उनकी नींद और खाने का समय भी प्रभावित हुआ. उन्होंने लिखा, “कमिटमेंट, कमिटमेंट होते हैं और उन्हें हर दूसरी चीज से पहले रखना चाहिए... समय, नींद, खाना और बाकी सब.”
अमिताभ की इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह अपने काम को लेकर कितने गंभीर हैं.
KBC शुरू होते ही लिया ब्रेक
अमिताभ ने बताया कि अब उन्हें थोड़ा ब्रेक मिला है, क्योंकि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन शुरू हो गया है. उन्होंने कहा कि वह पहले की तरह नियमित रूप से अपने फैंस से जुड़ना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए पहले उन्हें अपना सिस्टम दोबारा व्यवस्थित करना होगा.
उन्होंने अपने फैंस के लिए प्यार और सम्मान भी जाहिर किया और कहा कि वह जल्द ही पहले की तरह उनसे लगातार जुड़ते रहेंगे.
काम नहीं करने पर भी बेचैन हो जाते हैं अमिताभ
यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन ने काम को लेकर अपनी सोच बताई है. इससे पहले भी वह कह चुके हैं कि अगर किसी दिन वह काम नहीं करते हैं तो उनकी दिनचर्या बिगड़ जाती है और उन्हें बेचैनी महसूस होने लगती है.
अमिताभ ने बताया था कि रोज एक तय शेड्यूल के हिसाब से काम करना उनकी आदत का हिस्सा बन चुका है. इसलिए जब किसी दिन काम नहीं होता, तो उन्हें वह दिन कुछ अजीब लगता है.
KBC के 18वें सीजन में लौटे अमिताभ
अमिताभ बच्चन एक बार फिर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन को होस्ट कर रहे हैं. शो का नया सीजन 10 अगस्त से शुरू हुआ है. यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे Sony Entertainment Television और Sony LIV पर प्रसारित हो रहा है. इस सीजन की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है.
‘कल्कि 2898 एडी’ के बाद इस फिल्म में आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन को आखिरी बार नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में देखा गया था. फिल्म में उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाया था. प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन स्टारर इस फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. अब अमिताभ इसके सीक्वल की शूटिंग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' से सनी देओल की 'बंटवारा 1947' तक, इस हफ्ते थिएटर में लगेगा फिल्मों का मेला
