मैं ठीक हो रहा हूं… जल्द ही वापस आऊंगा, अमिताभ बच्चन ने अपनी हेल्थ रिकवरी पर कही ये बात

अमिताभ बच्चन को हैदराबाद में ‘प्रोजेक्ट के’ के सेट पर चोटिल हुए काफी समय हो गया है. सभी अभिनेता की रैंप पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं. अब इंस्टाग्राम पर बिग बी ने एक थ्रोबैक तस्वीर पोस्ट की और कहा कि मेरे ठीक होने के लिए सभी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद.

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने बीते दिनों अपने ब्लॉग के जरिए खुलासा किया था कि वह हैदराबाद में अपनी अपकमिंग फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ की शूटिंग के दौरान घायल हो गए थे. दिग्गज अभिनेता एक एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग कर रहे थे. तभी ये हादसा हुआ. अब बिग बी ने अपना हेल्थ अपडेट दिया है. उन्होंने शुभचिंतकों का उनकी प्रार्थनाओं के लिए शुक्रिया अदा किया और बताया कि वह ठीक हो रहे हैं.

अमिताभ बच्चन ने बताया अपना हेल्थ अपडेट

अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें वह ‘रैंपवॉक’ करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ”प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया…मैं ठीक हो रहा हूं.. उम्मीद करता हूं कि जल्द ही रैंप पर वापस चलूंगा.” बिग बी ने पांच मार्च को अपने निजी ब्लॉग के जरिए शूटिंग के दौरान अपने घायल होने की जानकारी दी थी. उन्होंने लिखा था, हैदराबाद में ‘प्रोजेक्ट के’ के लिए एक एक्शन दृश्य फिल्माते समय घायल हो गया. ‘रिब कार्टिलेज’ टूट गया और दाहिनी पसली का मांस फट गया है. शूट रद्द करना पड़ा. हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में सीटी स्कैन किया गया और चिकित्सकों की सलाह पर वापस घर लौट आया.

घर पर आराम कर रहे हैं बिग बी

बच्चन तभी से मुंबई में अपने घर पर आराम कर रहे हैं. निर्देशक नाग अश्विन की फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ में प्रभास और दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगे. फिल्म 12 जनवरी 2024 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी. गौरतलब है कि अभिनेता 1982 में मनमोहन देसाई की फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान सह-अभिनेता पुनीत इस्सर के साथ एक एक्शन दृश्य फिल्माते समय गंभीर रूप से घायल हो गए थे. वह कई महीनों तक मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती रहे थे. बिग बी को 2018 में आई फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ के लिए एक एक्शन दृश्य फिल्माते समय भी पीठ और कंधे में चोट लगी थी.

Also Read: Amitabh Bachchan: हैदराबाद में शूटिंग के दौरान घायल हुए अमिताभ बच्चन, एक्शन सीन के बीच लगी चोट,शेयर किया अपडेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >