Ali Asgar: टीवी कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता अली असगर एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने हाल ही में खुलासा किया है कि उन्होंने लोकप्रिय शो ‘काॅमेडी नाइट्स विथ कपिल’ में निभाए गए अपने मशहूर ‘दादी’ किरदार को क्यों छोड़ दिया था. उनके इस बयान ने फैंस को हैरान कर दिया है.
‘दादी’ किरदार से मिली पहचान
अली असगर ने लंबे समय तक ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में दादी का किरदार निभाकर दर्शकों को खूब हंसाया. यह रोल इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग उन्हें इसी किरदार से पहचानने लगे. हालांकि, धीरे-धीरे यही सफलता उनके लिए एक चुनौती भी बन गई.
एक ही इमेज में बंधने का डर
एक इंटरव्यू में अली ने बताया कि समय के साथ उनकी पहचान सिर्फ महिला किरदारों तक सीमित होती जा रही थी. उन्हें लगने लगा कि राइटर्स भी उन्हें सिर्फ इसी तरह के रोल देने लगे हैं. एक अभिनेता के तौर पर वह अपनी क्षमता को और आगे बढ़ाना चाहते थे, लेकिन एक ही छवि में बंध जाने का डर उन्हें परेशान कर रहा था.
करियर और मजबूरी के बीच संघर्ष
अली असगर ने कहा कि उस समय काम की जरूरत भी थी, इसलिए उन्होंने कई बार वही किरदार निभाए. उन्होंने यह भी माना कि अगर वह रोल करने से मना करते तो शायद उन्हें रिप्लेस कर दिया जाता. यही वजह थी कि वह लंबे समय तक एक ही तरह के किरदारों में नजर आते रहे.
बच्चों तक पहुंचा असर
अली ने यह भी खुलासा किया कि उनके ऑन-स्क्रीन किरदार का असर उनके परिवार पर भी पड़ा. उनके बच्चों को स्कूल में ताने सुनने पड़े और उन्हें लेकर बुली किया गया. यह उनके लिए काफी दर्दनाक अनुभव रहा, जिसके बाद उन्होंने इस तरह के किरदारों से दूरी बनाने का फैसला किया.
अब अलग रास्ता चुन रहे हैं अली असगर
आज अली असगर एक अभिनेता के तौर पर नई भूमिकाओं की तलाश में हैं और अपने करियर को नए नजरिए से आगे बढ़ा रहे हैं. उनका यह फैसला उनके संघर्ष और आत्मसम्मान दोनों को दर्शाता है.
यह भी पढ़ें: कभी थे लाखों दिलों की धड़कन, आज इस हाल में दिखे ‘आशिकी’ फेम राहुल रॉय, वीडियो वायरल
