मिठाई बांटी, फूल बरसे, IAS बनने की खुशी पल में गायब, UPSC लिस्ट में निकली दूसरी शिखा

UPSC AIR 113 Shikha Case: UPSC का रिजल्ट आया तो बुलंदशहर के एक घर में खुशियों की लहर दौड़ गई. परिवार को लगा कि उनकी बेटी शिखा सिंह ने देश की सबसे कठिन परीक्षा पास कर ली है. लेकिन थोड़ी ही देर में पूरी खुशियां गायब हो गईं. दरअसल, UPSC AIR 113 पर बुलंदशहर की शिखा को नहीं बल्कि हरियाणा की शिखा सहरावत को सफलता मिली है.

UPSC AIR 113 Shikha Case: यूपीएससी के रिजल्ट में एक बार फिर नाम को लेकर कंफ्यूजन का मामला सामने आया है. हाल ही में AIR 301 पर आकांक्षा सिंह नाम पर काफी बवाल हुआ था. इस बीच रैंक 113 पर (UPSC AIR 113 Shikha) शिखा नाम से भी कंफ्यूजन हो गया है. UPSC रिजल्ट आते ही उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रहने वाली शिखा सिंह के घर खुशी का माहौल बन गया. लेकिन नाम मिलते-जुलते होने की वजह से परिवार की खुशियां कुछ ही देर में गायब हो गईं.

परिवार को लगा कि शिखा ने परीक्षा पास कर ली हैं और वह IAS बनने जा रही हैं. जैसे ही यह खबर आसपास के लोगों तक पहुंची, घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया. दरअसल UPSC की मेरिट लिस्ट में 113वीं रैंक पर हरियाणा की शिखा सहरावत का नाम था. आइए दोनों शिखा के बारे में जानते हैं.

UPSC AIR 113 की असली शिखा कौन?

ANI की रिपोर्ट के अनुसार, UPSC सिविल सर्विस 113 रैंक पर जिस शिखा का सेलेक्शन हुआ है उनका नाम शिखा सहरावत है. वो हरियाणा के रोहतक की रहने वाली हैं. हरियाणा की शिखा BDPO के पद पर तैनात हैं.

बुलंदशहर के शिखा सिंह की कहानी

बुलंदशहर जिले की शिखा ने 113वीं रैंक आने का दावा किया था. उनके IAS बनने की खबर सामने आई तो परिवार ही नहीं पूरे मोहल्ले में जश्न का माहौल हो गया. हर तरफ मिठाईयां बांटी गईं और घर पहुंचने पर शिखा का भव्य स्वागत भी हुआ. इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी शेयर किए गए.

शिखा के दादा और पिता चपरासी

बुलंदशहर की रहने वाली शिखा के पिता प्रेमचंद, गांधी कन्या इंटर कॉलेज सियाणा में चपरासी हैं. वहीं उनके दादा भी रिटायर्ड चपरासी रह चुके हैं. UPSC रिजल्ट आने के बाद शिखा के दादा का भावुक होने वाला वीडिया भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. सच्चाई सामने आने के बाद सारा जश्न अब निराशा में बदल चुका है.

UPSC CSE 2026 Final Result PDF

ANI से बात करते हुए शिखा के पिता प्रेमचंद ने बताया कि उनकी बेटी ने जैसे ही सूची में नाम देखा, वह बहुत खुश हो गई. उन्होंने कहा किजैसे ही लिस्ट में नाम आया, उसने हमें बताया कि उसका चयन हो गया है. हमें पता ही नहीं था कि यह कोई दूसरी शिखा है जिसका चयन हुआ है. वहीं शिखा ने कहा कि उन्होंने सिर्फ नाम देखा था रोल नंबर नहीं देखा था.

यह भी पढ़ें: बिहार नहीं, यूपी वाली आकांक्षा सिंह असली, UPSC ने किया क्लियर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravi Mallick

रवि मल्लिक पिछले 7 सालों से डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े हैं. स्कूली शिक्षा से लेकर नौकरी तक की खबरों पर काम करना पसंद है. युवाओं को बेहतर करियर ऑप्शन, करंट अफेयर्स और नई वैकेंसी के बारे में बताना अच्छा लगता है. बोर्ड परीक्षा हो या UPSC, JEE और NEET एग्जाम टॉपर्स से बात करना और उनकी स्ट्रेटजी के बारे में जानना पसंद है. युवाओं को प्रेरित करने के लिए उनके बीच के मुद्दों को उठाना और सही व सटीक जानकारी देना ही उनकी प्राथमिकता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >