Danapur Agniveer Bharti Rally 2026: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे बिहार और झारखंड के युवाओं के लिए ग्राउंड पर उतरने की तारीख आ गई है. सेना भर्ती कार्यालय दानापुर द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है.
यह रैली दानापुर छावनी स्थित केएलपी (KLP) मैदान में आयोजित होगी. (CEE) पास करने वाले शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा. सेना प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 18 अगस्त को पहले ही उनकी लॉगिन प्रोफाइल पर भेज दिए हैं.
22 से 25 सितंबर: इन 7 जिलों के अग्निवीर जीडी का फिजिकल
रैली के शुरुआती चरण में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD - पुरुष) वर्ग की भर्ती दौड़ होगी. इसमें 22 से 25 सितंबर तक 7 जिलों के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे.
- शामिल जिले: पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली.
- इन सभी जिलों के शॉर्टलिस्ट किए गए पुरुष अभ्यर्थियों को तय तिथि पर रात में ही मैदान पर रिपोर्ट करना होगा.
- ग्राउंड पर 1.6 किलोमीटर की दौड़, बीम (पुल-अप्स), 9 फीट का गड्ढा और जिग-जैग बैलेंसिंग का टेस्ट लिया जाएगा.
26 से 29 सितंबर: टेक्निकल और क्लर्क/स्टोर कीपर की भर्ती
जीडी की प्रक्रिया के तुरंत बाद टेक्निकल और ऑफिस असिस्टेंट ट्रेड्स का फिजिकल टेस्ट शुरू होगा.
- तारीख: 26 सितंबर से 29 सितंबर 2026.
- ट्रेड: अग्निवीर तकनीकी (Technical) और कार्यालय सहायक / स्टोर कीपर तकनीकी (Office Assistant / SKT - पुरुष).
- जिले: पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली जिले के शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी भाग लेंगे.
झारखंड और महिला अभ्यर्थियों का क्या है शेड्यूल?
रैली के आखिरी चरण में पूरे बिहार और झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए अलग से दौड़ रखी गई है.
- जोनल रिक्रूटमेंट ऑफिस (ZRO) दानापुर के तहत बिहार और झारखंड दोनों राज्यों की शॉर्टलिस्ट महिला कैंडिडेट्स (महिला सैन्य पुलिस - CMP) इस रैली में हिस्सा लेंगी.
- साथ ही कुछ स्पेशल कैटेगरी ट्रेड्स के झारखंड के अभ्यर्थियों का फिजिकल और मेडिकल टेस्ट 30 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच केएलपी मैदान में पूरा किया जाएगा.
रैली ग्राउंड पर क्या-क्या लेकर जाना जरूरी है?
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लेकर जाना अनिवार्य है.
- सेना की ऑफिशियल वेबसाइट joinindianarmy.nic.in से डाउनलोड किया गया एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट.
- शैक्षणिक प्रमाण पत्र (10वीं/12वीं के ओरिजिनल मार्क्सशीट और प्रोविजनल/मूल सर्टिफिकेट)
- मूल निवास प्रमाण पत्र (डोमिसाइल सर्टिफिकेट) और जाति प्रमाण पत्र.
- मुखिया/पार्षद द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र और अविवाहित प्रमाण पत्र (6 महीने से पुराना न हो).
- वैलिड सरकारी फोटो पहचान पत्र (वोटर आईडी, पैन कार्ड आदि).
- 20 पासपोर्ट साइज की लेटेस्ट रंगीन फोटो (बिना चश्मे और साफ बैकग्राउंड वाली).
ये भी पढ़ें: NTA ने जारी किया आयुष पीजी प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट, इस तरह करें चेक
