RRB Group D Exam 2026: रेलवे में ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के जरिए देशभर के विभिन्न रेलवे जोन में 22,195 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. जिन उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, वे अब अपनी परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दे सकते हैं. एग्जाम शेड्यूल ऑफिशियल वेबसाइट indianrailways.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है.
RRB Group D के लिए महत्वपूर्ण तारीखें एक नजर में
इस भर्ती का नोटिफिकेशन 30 जनवरी 2026 को जारी किया गया था. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू हुई थी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 मार्च 2026 कर दी गई थी. फीस जमा करने की आखिरी तारीख 11 मार्च 2026 रही. आवेदन पत्र में सुधार करने के लिए 12 मार्च से 21 मार्च 2026 तक करेक्शन विंडो खुली थी.
अब CBT-1 परीक्षा 3 अगस्त से 21 अगस्त 2026 के बीच आयोजित होगी. एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ दिन पहले जारी किए जाएंगे, जबकि रिजल्ट की तारीख बाद में घोषित होगी.
परीक्षा का पूरा पैटर्न और चयन प्रक्रिया
RRB ग्रुप डी भर्ती में सबसे पहले कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) आयोजित किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर रेलवे बोर्ड इसे सिंगल स्टेज या मल्टी स्टेज मोड में भी आयोजित कर सकता है. CBT में सफल होने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के लिए बुलाया जाएगा.
PET के बाद उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जामिनेशन होगा. PET के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग रेलवे या RRC के अनुसार रिक्तियों की संख्या के लगभग तीन गुना तक की जा सकती है. यदि CBT कई शिफ्ट में आयोजित होती है तो अंकों का नॉर्मलाइजेशन भी किया जाएगा.
एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी कब होगी जारी?
रेलवे भर्ती बोर्ड ने बताया है कि परीक्षा शहर और परीक्षा तिथि की जानकारी देने वाला लिंक परीक्षा से लगभग 10 दिन पहले सक्रिय किया जाएगा. वहीं SC/ST उम्मीदवारों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी भी इसी समय उपलब्ध होगी.
ई-कॉल लेटर यानी एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से करीब 4 दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी अपडेट देखें.
भर्ती से जुड़ी जरूरी बातें
इस भर्ती के तहत लेवल-1 के विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा. चयनित उम्मीदवारों को 18,000 रुपये प्रति माह प्रारंभिक वेतन मिलेगा. आवेदन के लिए निर्धारित आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के अनुसार 18 से 33 वर्ष रखी गई है. मेडिकल फिटनेस संबंधित नियम रेलवे बोर्ड के तय मानकों के अनुसार लागू होंगे.
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा. इसलिए उम्मीदवार अपने साथ मूल आधार कार्ड या ई-आधार की प्रिंट कॉपी जरूर लेकर जाएं. साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि UIDAI रिकॉर्ड में उनका आधार सक्रिय और अनलॉक हो.
यह भी पढ़ें: बिहार, यूपी, राजस्थान में बनना है टीचर? TET परीक्षा के लिए नोट कर लें ये 5 किताब
