1 अगस्त से तत्काल टिकट के नए नियम लागू, अब लाइन नहीं टोकन से होगी बुकिंग, जानिए क्या बदला

अगर आप रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल (Tatkal) टिकट बुक कराते हैं, तो यह अपडेट आपके काम की है.

1 अगस्त 2026 से भारतीय रेलवे ने चुनिंदा रेलवे जोन के PRS (Passenger Reservation System) काउंटरों पर नया टोकन सिस्टम लागू कर दिया है. इसका मकसद टिकट बुकिंग के दौरान लगने वाली लंबी लाइनों, धक्का-मुक्की और अव्यवस्था को कम करना है. वहीं, ऑनलाइन टिकटों में बॉट्स और दलालों की समस्या रोकने के लिए डिजिटल वेरिफिकेशन भी पहले से सख्त किया गया है.

क्या है नया टोकन सिस्टम और किसे मिलेगा फायदा?

अब जो यात्री रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराएंगे, उन्हें सबसे पहले टोकन लेना होगा. टिकट खिड़की पर बुलाने का क्रम इसी टोकन नंबर के आधार पर तय होगा. इस बदलाव के बाद यात्रियों को लाइन में घंटों खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी. अपनी बारी आने तक वे आराम से इंतजार कर सकेंगे और काउंटर पर भी भीड़ कम रहेगी. यह व्यवस्था सिर्फ ऑफलाइन PRS काउंटर से होने वाली तत्काल टिकट बुकिंग के लिए लागू है. IRCTC वेबसाइट और ऐप से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले जैसी ही रहेगी.

टोकन कब मिलेगा और टिकट कब बनेगा?

रेलवे ने टोकन बांटने का समय भी तय किया है ताकि बुकिंग प्रक्रिया व्यवस्थित रहे.

टिकट श्रेणीटोकन वितरणटिकट बुकिंग
AC Tatkalसुबह 8:30 से 9:00 बजेसुबह 10:00 बजे
Non-AC Tatkalसुबह 9:00 से 9:30 बजेसुबह 11:00 बजे

शुरुआत में हर रिजर्वेशन काउंटर पर AC के लिए 10 और Non-AC के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे. हालांकि, स्थानीय जरूरत के हिसाब से रेलवे इनकी संख्या बढ़ा या घटा सकता है. अगर सभी टोकन धारकों की बुकिंग के बाद भी सीटें बचती हैं, तो टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर जारी किए जाएंगे.

ऑनलाइन टिकट वालों के लिए क्या बदला है?

रेलवे ने ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग में भी सुरक्षा बढ़ाई है. बॉट्स, फर्जी आईडी और टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए आधार आधारित OTP वेरिफिकेशन को अनिवार्य किया गया है. इसका मकसद ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर के जरिए टिकट ब्लॉक करने वालों पर रोक लगाना और आम यात्रियों के लिए टिकट मिलने की संभावना बढ़ाना है.

काउंटर पर जाने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?

अगर आप रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल टिकट लेने जा रहे हैं, तो ये तैयारी पहले ही कर लें.

  • आधार कार्ड या कोई अन्य वैध सरकारी फोटो आईडी साथ रखें.
  • सभी यात्रियों का नाम, उम्र, लिंग और यात्रा की तारीख सही-सही भरकर रखें.
  • टोकन वितरण शुरू होने से पहले काउंटर पहुंचें ताकि शुरुआती टोकन मिल सके.
  • टोकन नंबर आने पर ही टिकट खिड़की पर जाएं और बुकिंग कराएं.

नया टोकन सिस्टम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है. इससे काउंटर पर भीड़ कम होगी, बुकिंग प्रक्रिया ज्यादा व्यवस्थित होगी और तत्काल टिकट लेने का अनुभव पहले के मुकाबले आसान बन सकता है.

ये भी पढ़ें: अब 24 घंटे में पहुंचेगी Speed Post, लेट हुई तो मिलेगा पूरा रिफंड


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौम्या शाहदेव

सौम्या शाहदेव प्रभात खबर डिजिटल में बिजनेस कंटेंट राइटर हैं. वह शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, टैक्स, सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और रोजमर्रा की आर्थिक खबरों को सरल और सटीक भाषा में पाठकों तक पहुंचाती हैं. उनका फोकस ऐसी खबरें लिखने पर रहता है जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और जेब पर असर डालती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >