1 अगस्त 2026 से इंडिया पोस्ट ने स्पीड पोस्ट सेवा में कई अहम बदलाव लागू किए हैं. अब चुनिंदा शहरों के बीच 24 घंटे और 48 घंटे की गारंटीड डिलीवरी की सुविधा शुरू कर दी गई है. खास बात यह है कि तय समय में डिलीवरी नहीं होने पर पोस्टेज का पूरा पैसा वापस किया जाएगा.
किन शहरों में मिलेगी 24 घंटे की डिलीवरी?
फिलहाल नई 24 Speed Post और 24 Speed Post Parcel सेवा देश के 6 बड़े शहरों के बीच शुरू हुई है.
- दिल्ली
- मुंबई
- चेन्नई
- कोलकाता
- बेंगलुरु
- हैदराबाद
इन शहरों के बीच बुक किया गया डॉक्यूमेंट या पार्सल अगले दिन (D+1) पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, 48 Speed Post के जरिए दो दिन (D+2) में डिलीवरी की सुविधा मिलेगी. आगे चलकर इस सेवा को टियर-1 और टियर-2 शहरों तक भी बढ़ाया जाएगा.
अब क्या माना जाएगा डॉक्यूमेंट और क्या होगा पार्सल?
नए नियमों में इंडिया पोस्ट ने डॉक्यूमेंट और पार्सल की कैटेगरी साफ कर दी है, ताकि बुकिंग के समय किसी तरह का भ्रम न रहे.
डॉक्यूमेंट में शामिल होंगे
- आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट
- बैंक पासबुक, चेकबुक, बैंक स्टेटमेंट, वेलकम किट
- क्रेडिट-डेबिट कार्ड और इंश्योरेंस से जुड़े कागजात
- रक्षाबंधन के लिए 500 ग्राम तक के नॉन-कमर्शियल राखी वाले लिफाफे, छोटे पैकेट और ग्रीटिंग कार्ड
पार्सल की श्रेणी में आएंगे
- मोबाइल फोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान
- कपड़े और रेडीमेड गारमेंट्स
- गिफ्ट आइटम और अन्य भारी सामान
स्पीड पोस्ट का नया चार्ज कितना होगा?
1 अगस्त से शुल्क वजन, दूरी और सेवा के हिसाब से तय होगा. GST अलग से देना होगा.
| सेवा | शुल्क |
| 50 ग्राम तक (लोकल) | ₹38 |
| 50 ग्राम तक (अन्य शहर) | ₹94 |
| 51-250 ग्राम | ₹118 से ₹154 |
| 251-500 ग्राम | ₹140 से ₹186 |
| 48 Speed Post | ₹61 से ₹121 |
| अनुबंधित ग्राहकों के लिए 24 Speed Post | ₹38 से ₹100 |
| अनुबंधित ग्राहकों के लिए 48 Speed Post | ₹48 से ₹72 |
वहीं, 24 घंटे वाली पार्सल सेवा में 500 ग्राम तक का पार्सल ₹200 से शुरू होगा. 4.5 से 5 किलोग्राम तक के पार्सल का शुल्क दूरी के अनुसार अधिकतम ₹990 तक जा सकता है.
नई सेवा में और क्या मिलेगा फायदा?
इंडिया पोस्ट ने डिलीवरी को पहले से ज्यादा भरोसेमंद बनाने के लिए कई नए फीचर भी जोड़े हैं.
- OTP से सुरक्षित डिलीवरी
- रियल टाइम ट्रैकिंग और SMS अपडेट
- तय समय में डिलीवरी नहीं होने पर पूरा पोस्टेज रिफंड
- शहरों के बीच प्राथमिकता के आधार पर एयर ट्रांसपोर्ट
- सामान की सुरक्षित पैकिंग की सुविधा
इसके अलावा इस सेवा के तहत रविवार और छुट्टियों (राष्ट्रीय अवकाश छोड़कर) भी डिलीवरी की जाएगी. यदि किसी ग्राहक को अधिक जानकारी चाहिए तो वह 1800 266 6868 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है या नजदीकी डाकघर से जानकारी ले सकता है.
