प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के तहत किसानों को सरकार की ओर से हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम तीन बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है. योजना की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की जा चुकी है और अब किसानों को अगली यानी 24वीं किस्त का इंतजार है.
ऐसे में किसानों के लिए जरूरी है कि वे पहले से अपने PM-Kisan रिकॉर्ड की जांच कर लें. PM-Kisan पोर्टल पर e-KYC अनिवार्य है. अगर आपकी e-KYC पूरी नहीं है, तो इसे पूरा कराना जरूरी है. सरकार ने किसानों को अपना स्टेटस ऑनलाइन चेक करने की सुविधा भी दी है.
ऐसे चेक करें PM-Kisan स्टेटस
किसान सबसे पहले PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा दर्ज करके अपना स्टेटस देख सकते हैं. पोर्टल पर पेमेंट स्टेटस, बैंक का नाम, UTR नंबर और खाते में रकम क्रेडिट होने की जानकारी भी देखी जा सकती है.
ये भी पढ़ें: 31 अगस्त तक नहीं करा पाए LPG का KYC, डेडलाइन निकल गई तो अब क्या होगा असर?
e-KYC है अनिवार्य
PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक रजिस्टर्ड किसानों के लिए e-KYC अनिवार्य है. पोर्टल पर e-KYC की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध है. किसानों के लिए बायोमेट्रिक आधारित e-KYC की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
इसलिए अगली किस्त का इंतजार करने से पहले किसान अपना e-KYC स्टेटस जरूर चेक कर लें. साथ ही बैंक खाते और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड में किसी तरह की गड़बड़ी या लंबित सत्यापन है तो उसे भी समय रहते ठीक कराना बेहतर होगा.
