भारतीय क्रिकेट के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हों, लेकिन उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है. इसका ताजा प्रमाण है मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स द्वारा उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया जाना. मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स, विविध कारोबार वाले भारतीय समूह मलाबार ग्रुप की प्रमुख कंपनी है.
इसकी शुरुआत 1993 में की गई थी. कंपनी के 14 देशों में 450 से अधिक शोरूम हैं. मालाबार समूह के चेयरमैन एमपी अहमद ने मंगलवार को जारी बयान में कहा आज उपभोक्ता जिस भी ब्रांड का चयन करता है उससे काफी अपेक्षाएं रखता है. उत्कृष्ट उत्पादों के साथ वे हर खरीदारी में पारदर्शिता, प्रामाणिकता और भरोसा भी चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि धोनी ने अपनी ईमानदारी, अनुशासन और निरंतरता के दम पर करोड़ों लोगों का सम्मान और विश्वास अर्जित किया है. ये खूबियां कंपनी के मूल्यों से भी मेल खाते हैं. इसी वजह से उन्हें ब्रांड एम्बैसडर बनाया गया है.
धोनी ने कहा, अपने पूरे करियर में मेरा यही मानना रहा है कि काम और निरंतरता के दम पर ही भरोसा अर्जित किया जाता है. यही बात मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के साथ मेरे इस जुड़ाव को सार्थक बनाती है. धोनी ने कहा कि वह लोगों को आभूषण खरीदने के बारे में सोच-समझकर फैसला लेने के लिए प्रोत्साहित करने में मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स का सहयोग करेंगे.
ये भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 20 जुलाई के CJP प्रोटेस्ट के दौरान जिसने भी ज्यादती की उसे सजा मिलनी चाहिए
