LPG Gas Supply: देश में गैस की किल्लत को लेकर फैली आशंकाओं के बीच केंद्र सरकार ने राहत भरी खबर दी है. पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने साफ किया है कि भारत की ओर लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) के दो बड़े कार्गो (जहाज) रवाना हो चुके हैं. सरकार ने जनता को भरोसा दिलाया है कि ऊर्जा की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है.
बुकिंग के ढाई दिन में मिलेगा सिलेंडर
सोशल मीडिया और बाजार में सिलेंडर की कमी को लेकर हो रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए सरकार ने कहा कि डिलीवरी का सामान्य चक्र अभी भी ढाई दिन का ही है. यानी बुकिंग के लगभग 60 घंटों के भीतर गैस सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा. मंत्रालय ने अपील की है कि लोग डर में आकर अतिरिक्त सिलेंडर जमा न करें, क्योंकि इससे सिस्टम पर बेवजह दबाव पड़ता है.
पड़ोसी देशों से सस्ती है भारत में गैस
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया गया कि वैश्विक स्तर पर एलपीजी की लागत बढ़ने के बावजूद भारत सरकार ने इसका बोझ जनता पर नहीं आने दिया है. यही वजह है कि अन्य पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में घरेलू गैस की कीमतें काफी नियंत्रित और कम हैं.
रिफाइनरियों ने झोंकी ताकत, बढ़ा उत्पादन
गैस की मांग को पूरा करने के लिए देश की सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं. सरकार ने घरेलू एलपीजी के उत्पादन में 25% की बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल भारत में रोजाना 189 mmscmd गैस की खपत है, जिसे घरेलू उत्पादन और आयात के तालमेल से पूरा किया जा रहा है.
सप्लाई रूट में बदलाव से सुरक्षित हुआ आयात
कतर और ईरान के बीच चल रहे वैश्विक तनाव को देखते हुए भारत ने अपनी रणनीति बदल ली है. पहले भारत का 55% कच्चा तेल स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के रास्ते आता था, लेकिन अब सुरक्षा के लिहाज से 75% आयात दूसरे समुद्री रास्तों से किया जा रहा है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी स्पष्ट किया है कि घरेलू उपयोग के लिए ईंधन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी.
Also Read: गैस की किल्लत देख इंडक्शन चूल्हा खरीदने की मची होड़, इन कंपनियों के शेयर में आया उछाल
