Indian Railway PRS: अगर आप इस वीकेंड यानी 14 और 15 मार्च को ट्रेन टिकट बुक करने या अपनी यात्रा की प्लानिंग करने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. भारतीय रेलवे अपने रिजर्वेशन सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए मेंटेनेंस का काम करने जा रहा है, जिसकी वजह से कुछ घंटों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग सेवाएं ठप रहेंगी.
क्यों बंद रहेगी सर्विस?
उत्तर रेलवे के अनुसार, दिल्ली पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) की कार्यक्षमता और स्पीड को बढ़ाने के लिए समय-समय पर तकनीकी सुधार किए जाते हैं. इसी कड़ी में सिस्टम फाइलों के कम्प्रेशन और अन्य टेक्निकल अपडेट्स किए जाएंगे. इस रूटीन मेंटेनेंस का मकसद भविष्य में यात्रियों को टिकट बुकिंग का और भी सुगम अनुभव देना है.
कितने घंटे होगी परेशानी?
रेलवे की यह तकनीकी मरम्मत 14 और 15 मार्च की आधी रात को शुरू होगी. यह काम लगभग 3 घंटे तक चलेगा. इस दौरान दिल्ली पीआरएस से जुड़ी सभी सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी, इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जरूरी काम इस समय से पहले या बाद में निपटा लें.
सिर्फ बुकिंग ही नहीं, इन सेवाओं पर भी लगेगा ब्रेक
इस मेंटेनेंस विंडो के दौरान यात्री केवल टिकट बुक ही नहीं कर पाएंगे, बल्कि कई अन्य डिजिटल सुविधाएं भी प्रभावित रहेंगी:
- 139 नंबर पर कॉल या मैसेज के जरिए PNR इंक्वायरी नहीं हो सकेगी.
- इलेक्ट्रॉनिक डेटा रिकॉर्ड (EDR)से जुड़ी सेवाएं भी अस्थायी रूप से रुकी रहेंगी.
- दिल्ली सिस्टम से जुड़ी अन्य आरक्षण संबंधी जानकारियां भी इस दौरान उपलब्ध नहीं होंगी.
रेलवे की अपील
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि यह एक पूर्व-नियोजित (Pre-planned) प्रक्रिया है. जैसे ही टेक्निकल काम पूरा हो जाएगा, सिस्टम को तुरंत सामान्य कर दिया जाएगा. रेलवे का कहना है कि यात्रियों को लंबी अवधि में बेहतर और तेज सर्विस देने के लिए ऐसे मेंटेनेंस बेहद जरूरी हैं.
Also Read: 1 अप्रैल से ATM से कैश निकालना होगा मुश्किल, पंजाब नेशनल बैंक ने घटा दी विड्रॉल लिमिट
