आयुष्मान कार्ड के लिए नहीं काटने होंगे चक्कर, आपके गांव के राशन डीलर करेंगे सारा काम

Ayushman Card: आयुष्मान कार्ड बनवाना अब बच्चों का खेल हो गया है. सरकार ने राशन डीलरों और आशा कार्यकर्ताओं सहित 1150 से अधिक लोगों को कार्ड बनाने की जिम्मेदारी दी है. अब आप बिना भटके, अपने गांव या मोहल्ले में ही 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज वाला गोल्डन कार्ड आसानी से बनवा सकते हैं.

Ayushman Card: अब आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आपको शहर या बड़े अस्पतालों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी. स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा कदम उठाते हुए कार्ड बनाने का काम आपके गांव और मोहल्ले के स्तर पर पहुंचा दिया है. अब जिले के राशन डीलर , आशा बहुएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और गांव के फार्मासिस्ट भी आपका आयुष्मान कार्ड बना सकेंगे. इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए प्रशासन ने करीब 1156 नई ऑपरेटर आईडी एक्टिव की हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस काम में हाथ बटा सकें. इन सभी लोगों को खास ट्रेनिंग भी दी जा रही है, जिससे कार्ड बनाने में कोई तकनीकी दिक्कत न आए.

हर परिवार को 5 लाख तक की बीमारी से सुरक्षा

सरकार की इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बीमार होने पर पैसे की चिंता नहीं करनी पड़ती. इस योजना से जुड़े किसी भी सरकारी या प्राइवेट अस्पताल में आप एक साल में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं. परिवार के जितने भी सदस्य हैं, उन सबका अलग-अलग कार्ड बनाया जाता है. अस्पताल में भर्ती होने पर बस यह कार्ड दिखाना होता है और मरीज का इलाज बिना पैसे दिए शुरू हो जाता है.

टारगेट पूरा करने के लिए सरकार ने कसी कमर

प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का एक भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न रहे. इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अब कोई भी व्यक्ति अपने नजदीकी कोटेदार या स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पास जाकर कार्ड के लिए आवेदन कर सकता है. पात्रता की बात करें तो अंत्योदय कार्ड धारक और गरीबी रेखा से नीचे वाले (लाल और गुलाबी राशन कार्ड) सभी परिवार इसके हकदार हैं. इसके अलावा 70 साल से ऊपर के बुजुर्ग और यूपी सरकार के कर्मचारी भी अपनी पात्रता चेक करवाकर कार्ड बनवा सकते हैं.

खुद अपने मोबाइल से भी कर सकते हैं आवेदन

अगर आप डिजिटल तौर पर जागरूक हैं, तो कार्ड बनाने के लिए आपको कहीं जाने की भी जरूरत नहीं है. आप अपने फोन में आयुष्मान ऐप इंस्टॉल करें और मोबाइल नंबर से लॉगिन करें. इसके बाद अपना राज्य, जिला और आधार नंबर दर्ज करें. आपके परिवार की पूरी लिस्ट सामने आ जाएगी. जिस सदस्य का कार्ड बनाना है, उस पर क्लिक करके ओटीपी और फोटो के जरिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करें. कुछ ही समय में आपका वेरिफिकेशन पूरा हो जाएगा और आप कार्ड डाउनलोड कर पाएंगे.

इन कागजों को रखें तैयार

कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले कुछ जरूरी दस्तावेज अपने पास जरूर रखें. इसमें आधार कार्ड और राशन कार्ड सबसे महत्वपूर्ण हैं. इसके अलावा एक एक्टिव मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो की जरूरत पड़ती है. अगर आपके पास ई-श्रम कार्ड या कोई अन्य सरकारी पहचान पत्र है, तो उसे भी साथ रखें, इससे आपकी पात्रता जांचने में काफी आसानी हो जाती है.

Also Read: किसानों के लिए खुशखबरी, यूपी बजट में गन्ना मूल्य और फसल खरीद पर जोर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >