PNG Gas onnection: बदलते वक्त के साथ अब रसोई की सूरत भी बदल रही है. गैस एजेंसियों के चक्कर काटना और भारी-भरकम सिलेंडर उठाना अब पुरानी बात हो गई है. दिल्ली और आसपास के शहरों में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन ने खाना बनाना न केवल आसान बल्कि सुरक्षित भी बना दिया है. यदि आप भी गैस खत्म होने के डर से आज़ाद होना चाहते हैं, तो यह खबर आपके काम की है.
क्यों बेहतर है पाइपलाइन गैस (PNG)?
पाइप्ड नेचुरल गैस का सबसे बड़ा फायदा इसकी अबाध सप्लाई है. आंधी हो या तूफान, आपके किचन की आंच कभी नहीं बुझेगी. सिलेंडर खत्म होने पर बुकिंग करने और फिर डिलीवरी के लिए हफ़्तों इंतज़ार करने का झंझट पूरी तरह खत्म हो जाता है. इसके अलावा, PNG में गैस उतनी ही खर्च होती है जितनी आप जलाते हैं, और इसका मीटर बिल्कुल बिजली के मीटर की तरह काम करता है.
घर बैठे 2 मिनट में करें अप्लाई
अगर आपके पड़ोस में IGL की पीली पाइपलाइन दिख रही है, तो आप तुरंत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:
- IGL की वेबसाइट खोलें और Customer Zone में जाएं.
- अपना नाम, मोबाइल नंबर और उस घर का पता दें जहां कनेक्शन चाहिए.
- अपना आधार कार्ड और प्रॉपर्टी के कागजात (जैसे बिजली का बिल) स्कैन करके अपलोड करें.
- एक बार आवेदन मंजूर होने पर आप ऑनलाइन ही भुगतान कर सकते हैं.
PNG कनेक्शन लेने में कितना खर्च लगता है?
आमतौर पर नया PNG कनेक्शन लेने का कुल खर्च 7,000 रुपए के आसपास बैठता है. इसमें पाइप फिटिंग, मीटर लगाने का चार्ज और सिक्योरिटी डिपॉजिट शामिल होता है. सबसे अच्छी बात यह है कि IGL ग्राहकों को आसान किस्तों (EMI) की सुविधा भी देता है. आप हर महीने अपने गैस बिल के साथ 500 रुपए के आसपास की छोटी किस्तों में यह राशि चुका सकते हैं.
सुरक्षा और समय सीमा
PNG को एलपीजी के मुकाबले बहुत सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इसका दबाव काफी कम होता है और यह हवा से हल्की होने के कारण लीकेज की स्थिति में तुरंत फैल जाती है, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा कम रहता है. आवेदन और भुगतान के बाद, आमतौर पर 2 से 3 हफ़्तों के भीतर आपके घर में कनेक्शन चालू कर दिया जाता है.
Also Read: फास्टैग एनुअल पास हुआ महंगा, 1 अप्रैल से चुकाने होंगे ज्यादा पैसे, फटाफट निपटा लें ये काम
