आज से रसोई के सामान से लेकर दवाइयां-गाड़ियां होंगी सस्ती, नवरात्रि के पहले दिन खुशियों की बौछार

GST Bachat Utsav: रसोई में इस्तेमाल होने वाले सामान से लेकर दवाइयां, गाड़ियां समेत लगभग 375 सामान आज से सस्ते हो जाएंगे. रोजमर्रा की जरूरतों का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली प्रमुख कंपनियों ने जीएसटी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देने के लिए अपने उत्पादों की कीमतों में कटौती की है.

GST Bachat Utsav: जीएसटी कटौती के कारण सोमवार यानी 22 सितंबर से साबुन, पाउडर, कॉफी, डायपर, बिस्कुट, घी और तेल जैसी दैनिक जरूरत की वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी. इस कदम से आगामी त्योहारी सत्र, जो नवरात्रि के साथ शुरू होता है, के दौरान खपत में वृद्धि और बिक्री में उछाल आने की उम्मीद है.

GST Bachat Utsav: 22 सितंबर से साबुन, शैम्पू, बेबी डायपर, मंजन सहित कई उत्पाद होंगे सस्ते

एफएमसीजी कंपनियों ने जीएसटी 2.0 के लाभों को बिना किसी देरी के उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है. इन कंपनियों ने 22 सितंबर से साबुन, शैम्पू, बेबी डायपर, मंजन, रेजर और आफ्टर-शेव लोशन सहित अपने उत्पादों की अधिकतम खुदरा मूल्य की संशोधित सूची जारी की है.

स्वास्थ्य सेवाओं में राहत

अधिकांश दवाओं और फॉर्मूलेशन और ग्लूकोमीटर और डायग्नॉस्टिक किट जैसे मेडिकल उपकरणों पर जीएसटी दर को घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे आम आदमी के लिए दवाएं व स्वास्थ्य सेवा अधिक किफायती और सुलभ हो जायेगी. सरकार ने पहले ही दवा दुकानों को जीएसटी का लाभ को ध्यान में रखते हुए अपने एमआरपी में बदलाव करने या कम कीमत पर दवाएं बेचने का निर्देश दिया है.

टीवी के दाम 2,500 से 85,000 रुपये तक घटेंगे

टीवी की कीमतों में 2,500 रुपये से 85,000 रुपये तक की कमी आयेगी. 32 इंच से अधिक स्क्रीन साइज वाले टीवी सेट पर जीएसटी घटाकर 18 प्रतिशत हो गया है. इसके अलावा एसी, वॉशिंग मशीन जैसे कई उत्पादों की कीमतें कम हो जायेंगी.

गृह निर्माण की कीमत घटेगी

सीमेंट पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे घर बनाने वालों को भी फायदा होगा. इसके अलावा सभी तरह के निर्माण कार्य की लागत में कमी आयेगी.

सर्विस क्षेत्र को राहत

सेवा क्षेत्र में स्वास्थ्य क्लब, सैलून, नाई की दुकान, फिटनेस सेंटर, योग आदि सौंदर्य और फिटनेस सेवाओं पर बिना कर क्रेडिट के पांच प्रतिशत कर दिया गया है.

होटल के कमरों के किराये में कमी

होटल में 7,500 रुपये तक किराये वाले कमरे 525 रुपये तक सस्ते हो जायेंगे. इनपुट टैक्स क्रेडिट के बिना जीएसटी की दरों को घटाकर पांच प्रतिशत किया गया है.

सस्ती होंगी कारें, दोपहिया के दाम भी घटेंगे

छोटी और बड़ी कारों पर कर दरें कम हो गई हैं. वाहन कंपनियां, मारुति सुजुकी, टाटर मोटर्स, टोयोटा और हुंडई मोटर ने अपनी कारों की कीमतें कम करने जा रही हैं. मर्सिडीज-बैंज और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी कारों के भी दाम घट जाएंगे. इसके अलावा दोपहिया वाहन भी सस्ते होंगे.

पीएम मोदी ने जीएसटी सुधार को बताया ‘जीएसटी बचत उत्सव’

जीएसटी सुधारों की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने की पुरजोर वकालत की. मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि के पहले दिन से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ शुरू होगा और आयकर छूट के साथ यह ज्यादातर लोगों के लिए ”दोहरा लाभ” होगा. उन्होंने कहा, ”हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना होगा. हमें हर दुकान को स्वदेशी (सामान) से सजाना होगा.” मोदी ने कहा, ”नवरात्रि के पहले दिन, देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण और बड़ा कदम उठाने जा रहा है. कल सूर्योदय के साथ, अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार लागू हो जाएंगे.” मोदी ने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में सभी की खुशियां बढ़ेंगी. उन्होंने अगली पीढ़ी के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों के लिए सभी को बधाई दी.

जीएसटी में अब केवल दो स्लैब

जीएसटी परिषद ने इस महीने की शुरुआत में माल एवं सेवा कर के चार स्लैब की जगह दो स्लैब करने का फैसला किया है. अब कर की दरें पांच और 18 प्रतिशत होंगी जबकि विलासिता वस्तुओं पर 40 प्रतिशत की विशेष दर लागू होगी. सिगरेट, तंबाकू और अन्य संबंधित वस्तुओं को छोड़कर नई कर दरें 22 सितंबर से प्रभावी हो जाएंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >