Gold Price Today: दिवाली से पहले रॉकेट बन गया सोना, चांदी ने रचा नया इतिहास! जानें क्या है ताजा भाव?

Gold Price Today: दिवाली और धनतेरस से पहले सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना पहली बार 1.3 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी 1.85 लाख रुपये प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची. त्योहारी सीजन, बढ़ती मांग और रुपये की कमजोरी के चलते बाजार में तेजी बनी हुई है.

Gold Price Today: दिवाली और धनतेरस से पहले कीमती धातुओं के बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी दोनों ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि ‘धनतेरस’ से पहले खुदरा विक्रेताओं और आभूषण विक्रेताओं की भारी त्योहारी खरीदारी के कारण सोने-चांदी की कीमतों में उछाल देखी जा रही है.

सोना पहली बार 1.3 लाख रुपये के पार

दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,850 रुपये की बड़ी बढ़त के साथ पहली बार 1,30,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. पिछली सत्र में इसका भाव 1,27,950 रुपये था. इसी तरह 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 2,850 रुपये चढ़कर 1,30,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, धनतेरस और शादी-ब्याह के सीजन से पहले आभूषण विक्रेताओं की भारी खरीदारी ने बाजार में सोने के दाम को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है.

चांदी भी 1.85 लाख रुपये प्रति किलो के पार

सोने के साथ-साथ चांदी के भावों में भी जोरदार उछाल देखने को मिला. चांदी के दाम 6,000 रुपये की वृद्धि के साथ 1,85,000 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गए. यह लगातार पांचवें दिन की बढ़त है. पिछली सत्र में चांदी का भाव 1,79,000 रुपये प्रति किलो था. विशेषज्ञों का कहना है कि औद्योगिक मांग में वृद्धि और त्योहारी सीजन की खरीदारी ने चांदी के भाव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.

रुपये की कमजोरी और वैश्विक बाजार का असर

व्यापारियों के अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपये में आई गिरावट ने भी सोने की कीमतों को समर्थन दिया. मंगलवार को रुपया 12 पैसे टूटकर 88.80 के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ. इससे आयातित सोने की लागत बढ़ गई, जिसका सीधा असर घरेलू दामों पर पड़ा. अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना दिन में पहले 4,179.71 डॉलर प्रति औंस के उच्च स्तर को छूने के बाद 4,140.34 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि हाजिर चांदी 53.54 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड के बाद गिरकर 51.36 डॉलर पर पहुंची.

इसे भी पढ़ें: Mutual Fund KYC: म्यूचुअल फंड का ऑनलाइन या ऑफलाइन कैसे कराएं केवाईसी? ये है आसान तरीका

त्योहारी मांग ने दी तेजी को रफ्तार

धनतेरस और दिवाली की खरीदारी से बाजार में मांग तेजी से बढ़ी है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह के सीजन के चलते सोना-चांदी के दामों में और मजबूती देखने को मिल सकती है.

इसे भी पढ़ें: भारत का एनआरआई गांव, जहां के लोगों के लिए खिलौना हैं बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज कारें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >