Free LPG Cylinders : गोवा सरकार राज्य के लाभार्थियों को हर साल तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देगी. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गुरुवार (3 सितंबर) को इसकी घोषणा की. सरकार इस योजना के तहत हर साल 3,000 रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजेगी. इस योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू होगी. आवेदन फॉर्म राज्य की पंचायतों और विधायकों के कार्यालयों में मिलेंगे. यानी पात्र लोगों को फॉर्म भरकर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करना होगा. सरकार की ओर से यह राशि हर साल 9 सितंबर से लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी. इससे लोगों को रसोई गैस के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है.
पणजी में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना उनके पुराने चुनावी वादे का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव के समय उन्होंने गोवा के लोगों को हर साल तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया था. अब सरकार इस वादे को पूरा करने जा रही है. योजना से पात्र परिवारों को हर साल गैस सिलेंडर के खर्च में राहत मिलेगी.
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, ‘‘नौ सितंबर से लाभार्थियों के बैंक खातों में हर साल 3,000 रुपये जमा होने शुरू हो जाएंगे. इस वित्तीय सहायता से पात्र लाभार्थी योजना के तहत तीन एलपीजी सिलेंडर खरीदने का खर्च वहन कर सकेंगे.”
ये भी पढ़ें: Indane का नया LPG सिलेंडर लॉन्च, अब 4 घंटे में होगी घर तक डिलीवरी
योजना का लाभ लेने के लिए किन दस्तावेज की होगी जरूरत?
मुख्यमंत्री सावंत ने बताया कि गोवा के जिन लोगों को इस योजना का लाभ लेना है, उन्हें आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके बाद योजना की राशि उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी. आवेदन के साथ बैंक पासबुक, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की प्रतियां जमा करनी होंगी. दस्तावेज जमा होने के बाद पात्र लाभार्थियों को राशि मिलनी शुरू हो जाएगी.
