Highest Paid Footballers FIFA World Cup 2026 : 11 जून से शुरू हो चुका फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) कई मायनों में बेहद खास है. अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे इस महाकुंभ में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 104 मैच खेले जाने हैं. लेकिन इस बार रोमांच सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ियों की नेटवर्थ भी आसमान छू रही है.
फोर्ब्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ल्ड कप में भाग लेने वाले टॉप 11 खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पिछले 12 महीनों में ही कुल $950 मिलियन (करीब ₹9,050 करोड़) की बंपर कमाई की है. इस लिस्ट में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो नंबर वन और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी नंबर दो पर काबिज हैं. इन दोनों ही दिग्गज खिलाड़ियों की व्यक्तिगत नेटवर्थ $1 बिलियन (करीब ₹9,530 करोड़) से ज्यादा हो चुकी है.
टॉप-11 हाईएस्ट पेड फुटबॉलर
फोर्ब्स के अनुसार, विज्ञापनों और सैलरी को मिलाकर पिछले 12 महीनों में सबसे ज्यादा कमाने वाले टॉप-11 फुटबॉलर्स की सूची इस प्रकार है.
| रैंक (Rank) | खिलाड़ी का नाम | देश / वर्तमान क्लब | कुल सालाना कमाई (करोड़ रुपये में) |
| 1 | क्रिस्टियानो रोनाल्डो | पुर्तगाल / अल-नासर | ₹2,858.08 करोड़ |
| 2 | लियोनेल मेसी | अर्जेंटीना / इंटर मियामी | ₹1,333.77 करोड़ |
| 3 | किलियन एम्बापे | फ्रांस / रियल मैड्रिड | ₹905.06 करोड़ |
| 4 | एर्लिंग हालैंड | नॉर्वे / मैनचेस्टर सिटी | ₹762.15 करोड़ |
| 5 | विनीसियस जूनियर | ब्राजील / रियल मैड्रिड | ₹571.62 करोड़ |
| 6 | मोहम्मद सलाह | मिस्र / लिवरपूल | ₹523.96 करोड़ |
| 7 | सादियो माने | सेनेगल / अल-नासर | ₹514.43 करोड़ |
| 8 | जूड बेलिंगहैम | इंग्लैंड / रियल मैड्रिड | ₹419.17 करोड़ |
| 9 | लामिन यामल | स्पेन / बार्सिलोना | ₹409.64 करोड़ |
| 10 | हैरी केन | इंग्लैंड / बायर्न म्यूनिख | ₹390.60 करोड़ |
| 11 | नेमार जूनियर | ब्राजील / अल-हिलाल | ₹362.02 करोड़ |
रोनाल्डो की कमाई ₹2,800 करोड़ पार; बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
41 साल की उम्र में भी पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी बने हुए हैं. पिछले एक साल में उनकी कुल कमाई $300 मिलियन (करीब ₹2,858.08 करोड़) रही है. इसमें से लगभग ₹2,240 करोड़ ($235 मिलियन) उन्हें मैदान पर खेलने (सैलरी और बोनस) से मिले हैं, जबकि करीब ₹619 करोड़ ($65 मिलियन) एंडोर्समेंट (विज्ञापनों) और बिजनेस से आए हैं.
सऊदी अरब के क्लब अल-नासर के लिए खेलने वाले रोनाल्डो की यह सालाना कमाई बॉक्सिंग लेजेंड फ्लॉयड मेवेदर जूनियर के उस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बराबर है, जो फोर्ब्स के इतिहास में किसी भी एथलीट की एक साल की सबसे बड़ी कमाई मानी जाती है. रोनाल्डो अपने करियर का छठवां वर्ल्ड कप खेल रहे हैं.
दूसरे नंबर पर मेसी; बना सकते हैं वर्ल्ड कप का महा-रिकॉर्ड
अर्जेंटीना को अपनी कप्तानी में पिछला वर्ल्ड कप जिताने वाले लियोनेल मेसी इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. मेसी ने पिछले 12 महीनों में $140 मिलियन (करीब ₹1,333.77 करोड़) की कमाई की है. दिलचस्प बात यह है कि मेसी की यह कमाई फील्ड पर (सैलरी) और ऑफ-फील्ड (विज्ञापन) में आधी-आधी ($70-70 मिलियन) बंटी हुई है.
अमेरिका के इंटर मियामी क्लब के लिए खेल रहे मेसी की कुल नेटवर्थ $1.1 बिलियन आंकी गई है. रोनाल्डो की तरह मेसी का भी यह छठवां वर्ल्ड कप है. अगर मेसी इस टूर्नामेंट में सिर्फ 4 गोल और कर देते हैं, तो वह जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज (16 गोल) को पछाड़कर वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर (All-time Top Scorer) बन जाएंगे.
18 साल के लामिन यामल ने किया हैरान; एम्बापे तीसरे नंबर पर
इस पूरी लिस्ट का सबसे बड़ा सरप्राइज स्पेन के 18 वर्षीय युवा सनसनी लामिन यामल हैं. बार्सिलोना के लिए खेलने वाले यामल ने पिछले एक साल में ₹409.64 करोड़ की बंपर कमाई की है और वे सीधे 9वें नंबर पर आ गए हैं. इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी कमाई फुटबॉल मार्केट में उनके बढ़ते क्रेज को दर्शाती है. वहीं, फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बापे ₹905.06 करोड़ की सालाना कमाई के साथ तीसरे नंबर पर और मैनचेस्टर सिटी के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ₹762.15 करोड़ के साथ चौथे पायदान पर मौजूद हैं.
फोर्ब्स कैसे मापता है खिलाड़ियों की ये कमाई ?
कई लोगों के मन में सवाल होता है कि फोर्ब्स ये आंकड़े कैसे लाता है. दरअसल, इस लिस्ट को तैयार करते समय पिछले 12 महीनों की सैलरी, मैच बोनस, इमेज राइट्स और ब्रांड एंडोर्समेंट (विज्ञापनों) को जोड़ा जाता है. हालांकि, इसमें खिलाड़ियों के पर्सनल इन्वेस्टमेंट से मिलने वाले रिटर्न, टैक्स और उनके एजेंट्स को दी जाने वाली कमीशन को शामिल नहीं किया जाता. यह रैंकिंग साफ करती है कि आज के दौर में बड़े फुटबॉलर सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि खुद में एक बहुत बड़े ग्लोबल ब्रांड बन चुके हैं.
Also Read : फीफा वर्ल्ड कप में साउथ कोरिया का बड़ा धमाका, चेकिया को 2-1 से हराया, ह्वांग इन-बिओम बने हीरो
