Budget 2026: लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए कहा कि सरकार ने केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस सुधारों पर काम किया है. उन्होंने बताया कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन में पेश किया गया है और इसके साथ सरकार ने देश के लिए तीन बड़े कर्तव्य तय किए हैं.
वित्त मंत्री के मुताबिक पहला लक्ष्य अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाते हुए आर्थिक विकास को तेज करना है. दूसरा उद्देश्य लोगों की बढ़ती उम्मीदों और जरूरतों को पूरा करना है, जबकि तीसरा लक्ष्य ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर आगे बढ़ना है. उन्होंने साफ कहा कि भारत लगातार ‘विकसित भारत’ बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है और सरकार इसी रास्ते पर काम करती रहेगी.
7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे
बजट भाषण के दौरान निर्मला सीतारमण ने देश की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए बड़ा ऐलान किया. दिल्ली-वाराणसी समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में कुल 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे. इन कॉरिडोर से यात्रा का समय घटेगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
3 आयुर्वेदिक AIIMS होंगे स्थापित
केंद्रीय बजट 2026–27 में सरकार ने आयुर्वेद चिकित्सा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. बजट भाषण के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि देश में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIMs of Ayurveda) स्थापित किए जाएंगे, जिससे आयुर्वेदिक शिक्षा, शोध और इलाज की सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को नई पहचान मिलेगी.
