Bangladesh diesel import from India: बांग्लादेश ने अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत से ज्यादा डीजल मंगाने का फैसला किया है. जानकारी के मुताबिक अप्रैल तक भारत से करीब 45,000 टन डीजल बांग्लादेश भेजा जाएगा. इसमें से 5,000 टन की पहली खेप पहले ही पहुंच चुकी है, जबकि बाकी डीजल की सप्लाई मार्च के तीसरे हफ्ते तक होने की उम्मीद है. बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPC) के अधिकारियों के अनुसार, 40,000 टन अतिरिक्त डीजल आयात करने का प्रस्ताव भी तैयार है. लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) और बाकी कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही यह डीजल भी अप्रैल तक बांग्लादेश पहुंच जाएगा.
पहले पाइपलाइन से शुरू हुई थी सप्लाई
भारत और बांग्लादेश के बीच डीजल सप्लाई को आसान बनाने के लिए मार्च 2023 में भारत-बांग्लादेश फ्रेंडशिप पाइपलाइन शुरू की गई थी. इसका उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi और बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री Sheikh Hasina ने वर्चुअल तरीके से किया था. इस पाइपलाइन के बनने से पहले डीजल की सप्लाई रेल के जरिए होती थी, जो काफी महंगी और धीमी प्रक्रिया थी. पाइपलाइन शुरू होने के बाद यह काम काफी आसान और तेज हो गया.
राजनीतिक बदलाव के बाद रुकी थी सप्लाई
हालांकि पिछले साल बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान इस पाइपलाइन से डीजल की सप्लाई कुछ समय के लिए बंद हो गई थी. उस समय देश में बनी अंतरिम सरकार के दौरान भारत से आने वाली सप्लाई रुक गई थी.
नई सरकार के बाद फिर शुरू हुआ सहयोग
हाल ही में चुनाव के बाद नई सरकार बनने के साथ ही भारत और बांग्लादेश के बीच ऊर्जा सहयोग फिर से पटरी पर लौट आया है. अब नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड से डीजल सीधे पाइपलाइन के जरिए बांग्लादेश के पार्बतीपुर डिपो भेजा जा रहा है.
मिडिल ईस्ट तनाव से बढ़ी थी चिंता
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और Iran–Israel conflict के कारण बांग्लादेश में ईंधन की कमी की आशंका पैदा हो गई थी. इस वजह से कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ लगने लगी और लोग ज्यादा तेल खरीदने लगे.स्थिति को काबू में रखने के लिए सरकार ने कुछ समय के लिए तेल की सीमित बिक्री (राशनिंग) लागू कर दी थी. अब भारत से डीजल की सप्लाई फिर से शुरू होने के बाद हालात सामान्य हो गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि देश में फिलहाल पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
Also Read : भारत में नकली सामान का बड़ा जाल, 89% शहरी लोग जिंदगी में कभी न कभी खरीद चुके हैं फेक प्रोडक्ट
