अमेजन से 16,000 और लोगों की छुट्टी, अब तक 30,000 कर्मचारियों पर गिरी गाज

Amazon Layoff: अमेजन ने रीस्ट्रक्चरिंग के तहत 16,000 और कर्मचारियों को निकालने का फैसला किया है. अब कुल छंटनी का आंकड़ा 30,000 पहुंच गया है. कंपनी मैनेजमेंट की परतें कम कर काम में तेजी लाना चाहती है. इसका मुख्य असर कॉर्पोरेट स्टाफ पर पड़ेगा.

Amazon Layoff: दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी अमेजन (Amazon) ने एक बार फिर छंटनी का बड़ा फैसला लिया है. कंपनी ने कहा है कि वह 16,000 और कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही है. पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने 14,000 लोगों को हटाने की बात कही थी, लेकिन अब यह गिनती बढ़कर 30,000 तक पहुँच गई है.

क्यों निकाली जा रही है इतनी बड़ी भीड़?

कंपनी का कहना है कि वे दफ्तर के काम करने के तरीके को आसान बनाना चाहते हैं. अमेजन के सीनियर अफसरों के मुताबिक, मैनेजमेंट में बहुत ज्यादा लेवल होने की वजह से काम की रफ्तार धीमी हो जाती है. अब वे बीच की इन परतों (Layers) को हटाकर कंपनी को और फुर्तीला बनाना चाहते हैं ताकि कर्मचारी जल्दी फैसले ले सकें.

किसकी नौकरी खतरे में है?

यह छंटनी मुख्य रूप से दफ्तरों (Corporate Office) में बैठकर काम करने वाले लोगों के लिए है. अमेजन के पास करीब 3.5 लाख ऑफिस कर्मचारी हैं, जिनमें से 10% लोगों की नौकरी जाएगी. राहत की बात यह है कि वेयरहाउस (गोदाम) और सामान पहुंचाने वाले डिलीवरी स्टाफ पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, वे पूरी तरह सुरक्षित हैं.

AI के लिए जगह बना रही है कंपनी

जानकारों का कहना है कि अमेजन अब अपना पूरा ध्यान और पैसा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में लगा रही है. नई तकनीक आने की वजह से पुराने तरीके के कामों में लोगों की जरूरत कम हो गई है. कंपनी अपनी टीम को अब नए दौर के हिसाब से तैयार कर रही है.

6 फरवरी को होगी अगली घोषणा

अभी यह पूरी तरह साफ नहीं है कि किस शहर या किस विभाग से कितने लोग हटाए जाएंगे. कंपनी 6 फरवरी 2026 को अपनी सालाना रिपोर्ट जारी करेगी, जिसमें छंटनी और आगे के प्लान को लेकर ज्यादा जानकारी दी जा सकती है.

Also Read: Economic Survey 2026: देश का ‘आर्थिक रिपोर्ट कार्ड’ संसद में पेश, महंगाई, खेती और नौकरियों पर क्या है सरकार का टेक ?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >