मुंबई : अन्य एशियाई मुद्राओं की तुलना में डालर की मजबूती से अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार :फारेक्स: में आज के शुरुआती कारोबार के दौरान डालर के मुकाबले रुपया 29 पैसे कमजोर होकर 60.32 रुपये प्रति डालर पर आ गया.
फारेक्स बाजार के विश्लेषकों ने बताया कि इसके अलावा आयातकों की ओर से डालर मांग बढने के कारण भी रुपये की विनिमय दर प्रभावित हुयी. हालांकि घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख से रुपये में ज्यादा गिरावट नहीं आ पायी.
फारेक्स बाजार में कल के कारोबारी सत्र के दौरान डालर के मुकाबले रुपया 13 पैसे के सुधार के साथ 60.03 रपये प्रति डालर पर बंद हुआ था, जो आज के शुरुआती कारोबार में 29 पैसे कमजोर होकर 60.32 रुपये प्रति डालर पर आ गया. बंबई शेयर बाजार का सूचकांक आज के शुरुआती कारोबार में 54.14 अंक अथवा 0.21 फीसद की तेजी के साथ 25,575.33 अंक पर पहुंच गया.
