PPF Investment Tips: अगर आप सुरक्षित भविष्य के लिए पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में पैसा जमा करते हैं, तो सिर्फ पैसा बचाना ही काफी नहीं है, उसे सही समय पर जमा करना भी जरूरी है. PPF में अगर आप हर महीने की 5 तारीख तक पैसा जमा कर देते हैं, तो आपको मिलने वाला कुल फंड बहुत ज्यादा बढ़ सकता है.
5 तारीख से पहले निवेश क्यों है जरूरी?
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, PPF में ब्याज का कैलकुलेशन हर महीने की 5 तारीख से महीने के आखिरी दिन के बीच मौजूद सबसे कम बैलेंस पर किया जाता है. इसका सीधा मतलब यह है कि अगर आप 5 तारीख के बाद पैसा जमा करते हैं, तो उस पूरे महीने आपको उस नई रकम पर कोई ब्याज नहीं मिलेगा.
उदाहरण के लिए, अगर आप 5 अप्रैल को पैसा जमा करते हैं, तो आपको अप्रैल महीने का ब्याज मिलेगा. लेकिन अगर आप 6 अप्रैल को जमा करते हैं, तो उस पैसे पर ब्याज की गिनती मई से शुरू होगी. इस तरह आप पूरे एक महीने का ब्याज गंवा देते हैं.
ज्यादा मुनाफा कैसे कमाएं?
रिटर्न को बढ़ाने के दो सबसे बेहतरीन तरीके हैं:
- एकमुश्त (Lump Sum): यदि आपके पास बजट है, तो पूरे साल का 1.5 लाख रुपये अप्रैल महीने की 5 तारीख से पहले जमा कर दें. इससे आपको पूरे 12 महीने का ब्याज मिलेगा.
- किस्त (Monthly): अगर आप हर महीने पैसे डालते हैं, तो सुनिश्चित करें कि पैसा हर महीने की 5 तारीख से पहले आपके PPF अकाउंट में क्रेडिट हो जाए.
PPF क्यों है निवेश का राजा?
भले ही सरकार ने इस तिमाही (अप्रैल-जून 2026) के लिए ब्याज दर 7.1% पर स्थिर रखी हो, लेकिन इसका EEE (Exempt-Exempt-Exempt) स्टेटस इसे सबसे खास बनाता है. इसका मतलब है कि निवेश की गई रकम, मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी की पूरी राशि पूरी तरह टैक्स फ्री है.
पैसे की जरूरत पड़े तो क्या करें?
PPF 15 साल की लंबी अवधि का निवेश है, लेकिन इसमें मुसीबत के समय के लिए सुविधाएं भी हैं:
- लोन: अकाउंट खोलने के तीसरे से छठे साल के बीच आप जमा राशि पर लोन ले सकते हैं.
- निकासी: सातवें साल से आप अपनी जरूरत के लिए आंशिक निकासी (Partial Withdrawal) कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: दुनिया की 8% मछली पैदा कर भारत बना नंबर 2, एक्सपोर्ट में जबर्दस्त उछाल
