Video: जमीन पर सोई बच्ची, गंदे बाथरूम और बदहाल इलाज! आधी रात सरकारी अस्पताल पहुंच तेजस्वी ने दिखाई सच्चाई

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनावी सरगर्मी के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार देर रात पूर्णिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने खस्ताहाल व्यवस्था, गंदगी और संसाधनों की भारी कमी को उजागर करते हुए एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला और पीएम मोदी को अस्पताल का हाल खुद देखने की चुनौती दी.

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार रात अचानक पूर्णिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) का औचक निरीक्षण कर सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया. जनसभा के बाद पहुंचे तेजस्वी ने अस्पताल का बारीकी से जायजा लिया और खस्ताहाल हालात को कैमरे में कैद कर जनता के सामने पेश किया.

अस्पताल में मरीजों की दुर्दशा

तेजस्वी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर जारी वीडियो में जमीन पर सोई बच्ची, एक-एक बेड पर तीन-तीन मरीजों की भीड़ और गंदगी से भरे बाथरूम को दिखाया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह किसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हाल नहीं बल्कि एक मेडिकल कॉलेज का है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस अस्पताल में ICU तक नहीं है, वहां मरीजों का इलाज कैसे हो रहा होगा?

तेजस्वी ने गिनाईं खामियां

  • GMCH में ICU और ट्रॉमा सेंटर मौजूद नहीं.
  • कार्डियोलॉजी विभाग का नाम तक नहीं.
  • 255 स्वीकृत नर्सों में सिर्फ 55 कार्यरत, वो भी तीन शिफ्टों में.
  • 80% चिकित्सकों के पद खाली.
  • एक भी स्थायी ड्रेसर नहीं, सिर्फ 4 OT सहायक कार्यरत.
  • 23 विभागों में से कई बंद पड़े हैं.
  • मेडिकल इंटर्न्स को 6 महीने से वेतन नहीं मिला.

तेजस्वी ने कहा कि यहां हालात इतने बदतर हैं कि मरीज इलाज के लिए मजबूरी में निजी अस्पतालों की शरण ले रहे हैं, जहां रोजाना 10 हजार से ज्यादा लोग इलाज कराने जाते हैं.

सरकार पर तीखा प्रहार

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार के मंत्री और अधिकारी भ्रष्टाचार में डूबे हैं. हजारों करोड़ रुपये खर्च कर बिल्डिंग तो बनाई जाती है, लेकिन डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति नहीं की जाती. उन्होंने कहा कि कमीशनखोरी के लिए महंगे उपकरण खरीदे जाते हैं, पर उन्हें चलाने वाले विशेषज्ञ नहीं होते.

पीएम मोदी को दी चुनौती

तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, “कल प्रधानमंत्री पूर्णिया आ रहे हैं. ऊंचे पद पर बैठकर छोटी-बड़ी बातें करने से पहले उन्हें अपनी डबल इंजन सरकार की विफलताओं का सच देखना चाहिए. अगर हिम्मत है तो इस मेडिकल कॉलेज का दौरा जरूर करें और 2005 के बाद वाले मुख्यमंत्री को भी साथ लेकर आएं.”

Also Read: प्रभात खबर संवाद में दीपांकर भट्टाचार्य की बड़ी डिमांड, बोले- कांग्रेस को मिलनी चाहिए बस इतनी सीटें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >