Video: Voter Adhikar Yatra में फिसली स्टालिन की जुबान, वीडियो में देखिए राहुल गांधी को क्या बोल दिए

Voter Adhikar Yatra: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन बिहार दौरे पर वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए. मुजफ्फरपुर की रैली में भाषण के दौरान राहुल गांधी की जगह गलती से राजीव गांधी का नाम लेने पर उनका वीडियो विवादों में आ गया, जिस पर भाजपा और टीवीके ने तंज कसा है.

Voter Adhikar Yatra: बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा किया. इस दौरान मुजफ्फरपुर की रैली में उनका भाषण चर्चा में आ गया, जब उन्होंने राहुल गांधी की जगह गलती से दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम ले लिया.

स्टालिन ने जब इंडिया गठबंधन की ओर से रैली के आयोजकों का नाम गिनाना शुरू किया तो अचानक बोल पड़े- “मेरे भाई राजीव गांधी.” हालांकि, तुरंत बाद डीएमके की तकनीकी टीम ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में इस हिस्से को एडिट कर “राहुल गांधी” का पैच डाल दिया. लेकिन यह पैच वीडियो के बाकी हिस्सों से मेल नहीं खा सका और मूल आवाज़ साफ़-साफ़ सुनी जा सकती है.

भाजपा और टीवीके ने साधा निशाना

इस घटना पर विपक्ष ने जमकर चुटकी ली. भाजपा नेता अन्नामलाई ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा- “तमिलनाडु में तिरु @mkstalin की सरकार पैचवर्क और धोखे पर चल रही है. नाम गलत लेना एक बात है, लेकिन उसे छुपाने की बेचैन कोशिश और भी चौंकाने वाली है.”

वहीं, अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने व्यंग्य करते हुए स्टालिन को “अंकल” कह डाला और डीएमके की तकनीकी टीम की कार्यशैली पर तंज किया. हालांकि, डीएमके की ओर से इस विवाद पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

रैली में स्टालिन के तेवर

भाषण के दौरान स्टालिन ने बिहार और उसके राजनीतिक इतिहास को याद करते हुए कहा कि देश में जब-जब संकट आता है, उसकी शुरुआत बिहार से होती है. उन्होंने जयप्रकाश नारायण और लालू प्रसाद यादव का ज़िक्र करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय के संघर्ष में बिहार की भूमिका हमेशा निर्णायक रही है.

स्टालिन ने तेजस्वी यादव की सराहना करते हुए कहा कि “आज बिहार के लोग तेजस्वी से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं.” उन्होंने भाजपा पर मतदाता सूची में धांधली का आरोप लगाते हुए दावा किया कि “65 लाख मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं. यह लोकतंत्र के खिलाफ है.”

बिहार की अहमियत पर जोर

स्टालिन ने कहा कि दो हजार किलोमीटर की दूरी तय कर वे इसलिए बिहार आए हैं क्योंकि “पूरे देश की नजर इस समय बिहार पर टिकी है.” उन्होंने याद दिलाया कि इंडिया गठबंधन की नींव पटना में रखी गई थी और भाजपा ने इसे हल्के में लिया था. “लेकिन इसी गठबंधन ने भाजपा के 400 सीटों के दावे को 240 तक सीमित कर दिया.”

Also Read: अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलेगी ट्रेन! भारत और नेपाल के अधिकारी बैठक कर लेंगे फैसला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >