पूर्णिया में इस महीने से शुरू होगी हवाई सेवा, बिहार को मिलेगा चौथा एयरपोर्ट, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

Bihar Election 2025: बिहार को सितंबर 2025 में चौथा एयरपोर्ट मिलने जा रहा है. पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं, जिसके साथ ही 13 साल बाद यहां से फिर से हवाई सेवाओं की शुरुआत होगी.

Bihar Election 2025: बिहार को जल्द ही चौथा एयरपोर्ट मिलने जा रहा है. पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने की संभावना है. चर्चा है कि पीएम अपने जन्मदिन पर 17 सितंबर को ही इस एयरपोर्ट को जनता को समर्पित करेंगे. पटना, दरभंगा और गया के बाद पूर्णिया एयरपोर्ट राज्य को नई उड़ान देगा. उद्घाटन के साथ ही यहां से कमर्शियल फ्लाइट सेवा शुरू कर दी जाएगी.

बड़े स्तर पर तैयारियां

पूर्णिया एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया पूरी ताकत से तैयारियों में जुटा है. बुधवार को डीएम अंशुल कुमार और एसपी स्वीटी सहरावत ने इंदिरा गांधी स्टेडियम और रंगभूमि मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया. सुरक्षा से लेकर भीड़ प्रबंधन तक हर बिंदु पर अधिकारियों ने गहन समीक्षा की. एसडीएम, अपर समाहर्ता, ट्रैफिक डीएसपी समेत कई विभागीय अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम किसी भी स्तर पर प्रभावित न हो.

निर्माण कार्य को 30 अगस्त तक पूरा करने का आदेश

बीते दिनों सिविल एविएशन सेक्रेटरी समीर सिन्हा, एएआई के चेयरमैन विपिन कुमार और बिहार के डेवलपमेंट कमिश्नर प्रत्यय अमृत सहित उच्चस्तरीय टीम ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था. बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि 30 अगस्त तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए. टीम ने टर्मिनल भवन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और रनवे की स्थिति का जायजा लिया और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने की चेतावनी दी.

13 साल बाद उड़ान भरेंगे विमान

पूर्णिया एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों की वापसी लगभग 13 साल बाद होने जा रही है. साल 2012 में यहां थोड़े समय के लिए हवाई सेवा शुरू की गई थी, लेकिन अपर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर और कम यात्री संख्या के कारण इसे बंद करना पड़ा. अब 46 करोड़ रुपये की लागत से 4000 वर्ग मीटर में बने आधुनिक टर्मिनल भवन और 2800 मीटर लंबे रनवे के साथ यह एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार है. यात्रियों को यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस टर्मिनल भवन मिलेगा.

आचार संहिता से पहले उद्घाटन पर जोर

इस साल के अंत में बिहार विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. चुनाव आयोग अक्टूबर की शुरुआत में आचार संहिता लागू कर सकता है. इसी को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार चाहती है कि सितंबर में ही पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया जाए. अगस्त के अंत तक सभी निर्माण कार्य पूरे करने और सितंबर के पहले सप्ताह में डीजीसीए से हरी झंडी मिलने की उम्मीद है. इसके बाद पीएमओ से कार्यक्रम की तारीख तय होगी.

सियासी महत्व भी बड़ा

पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन केवल विकास का प्रतीक नहीं बल्कि सियासी मायने भी रखता है. कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोग लंबे समय से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे. विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एयरपोर्ट शुरू होने से केंद्र और राज्य सरकार इसे बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर सकती है. खासकर सीमांचल इलाके में बीजेपी और एनडीए अपने जनाधार को मजबूत करने की कोशिश में हैं.

Also Read: Bihar Election 2025: हसनपुर में तेज प्रताप के बाद RJD नए चेहरे की तलाश में, रेस में इन नेताओं के नाम आगे…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >