Nitish Kumar: नीतीश कुमार के 15 दिन, 41 सभाएं और 600 किमी की यात्रा, एनडीए के लिए मैदान में जुटे सीएम

Nitish Kumar: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार थमने के साथ ही दूसरे चरण की सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी, तेजस्वी यादव और राहुल-प्रियंका गांधी जैसे बड़े नेता मैदान में हैं. हर दल अपने मुद्दों और वादों के साथ मतदाताओं को साधने में जुटा है.

Nitish Kumar: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों पर प्रचार मंगलवार की शाम पांच बजे समाप्त हो गया. अब सभी दलों का प्रचार अभियान दूसरे चरण के 122 विधानसभा क्षेत्रों में जोर पकड़ेगा. जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 दिनों के दौरान एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में 41 चुनावी सभाएं कर कीं. इनमें 24 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ समस्तीपुर में आयोजित सभा भी शामिल है.

इन 15 दिनों में मुख्यमंत्री ने दो रोड शो भी किया, जिसमें उन्होंने 600 किमी की दूरी तय की. मुख्यमंत्री की चुनाव प्रचार की शुरुआत 21 अक्तूबर को मुजफ्फरपुर जिले की मीनापुर सीट से की. इस पूरे प्रचार अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीए के 92 उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे. इस दौरान उन्होंने 11 दिनों तक सभाओं में पहुंचने के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया, जबकि रोड शो के दौरान वह गाड़ी से पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा सहित अन्य एनडीए नेता शामिल रहे.

क्या मुद्दे उठाये :

  • राजद शासनकाल में कुशासन, भ्रष्टाचार, पिछड़ापन और खराब कानून-व्यवस्था
  • परिवारवाद
  • अपने करीब 20 साल के शासनकाल में किये गये विकास कार्य
  • महिला सशक्तीकरण
  • सामाजिक सौहार्द
  • नौकरी व रोजगार
  • हाल ही दिया गया आर्थिक लाभ
  • विकास कार्य में केंद्र सरकार का सहयोग

भाजपा: जमीन से लेकर आसमान तक रहा प्रचार, स्टार प्रचारकों ने कीं 284 सभाएं

भाजपा के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव की घोषणा के बाद अब तब आठ सभाएं की हैं, जिन छह सभाएं पहले चरण और दो सभाएं दूसरे चरण वाले क्षेत्रों में की. इसके अलावा उन्होंने एक रोड शो किया और दो ऑनलाइन संवाद किया. मंगलवार को पहले चरण के प्रचार के अंतिम दिन तक भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों ने कुल 284 सभाएं कीं. प्रधानमंत्री ने 24 अक्तूबर को समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम से प्रचार अभियान की शुरुआत की और मंगलवार को ‘नमो एप’ के जरिये महिलाओं से संवाद किया.

उन्होंने अब तक समस्तीपुर, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, छपरा, आरा, नवादा और सहरसा व कटिहार में सभाएं कीं. पटना में रोड शो किया. गृह मंत्री अमित शाह ने तरैया से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की. अब तक 18 सभाएं और दो बुद्धिजीवी सम्मेलन किये. जेपी नड्डा ने नौ जनसभा, एक रोड शो और हाजीपुर में बुद्धिजीवी सम्मेलन किया.

इनके अलावा यूपी के सीएम आदित्यनाथ योग व महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फणनवीस ने 10-10, मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आठ-आठ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चार सभाओं को संबोधित किया.

भाजपा नेताओं के हेलिकॉप्टर ने 387 घंटे की उड़ान भरी

एनडीए में सबसे अधिक नौ हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल भाजपा कर रही है. इनमें तीन चार सीटर और छह आठ सीटर हैं. एक दिन का हेलिकॉप्टर का किराया करीब 10 लाख है. भाजपा के स्टार प्रचारकों ने एक हेलीकॉप्टर से रोजाना तीन से चार सभाएं कीं. पहले चरण के चुनाव प्रचार तक औसतन 43 घंटे की उड़ान भरी. इस तरह 387 घंटे की उड़ान भरी.

क्या मुद्दे उठाये

  • लालू-राबड़ी सरकार का जंगलराज
  • तेजस्वी यादव की हवा-हवाई नेता वाली छवि गढ़ने की कोशिश
  • राजद व कांग्रेस नेताओं का भ्रष्टाचार
  • पिछले 20 में बिहार का हुआ चहुमुखी विकास
  • नौकरी व रोजगार
  • औद्योगिक विकास
  • घुसपैठ
  • छठ पूजा का अपमान

तेजस्वी यादव ने 96 से अधिक कीं चुनावी सभाएं, करीब 32 घंटे भरी हवाई उड़ान

महागठबंधन के सीएम फेस राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने 24 अक्तूबर से चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया है. छठ पूजा के दिन चुनाव प्रचार नहीं हुआ. इसके अलावा 29 और 30 अक्तूबर को मोंथा तूफान की वजह से उनका हेलिकॉप्टर नहीं उड़ सका, इसलिए उन्होंने घर से ही वर्चुअल मोड में सभाओं को संबोधित किया. अब तक उन्होंने 96 चुनावी सभाओं को संबोधित किया है. चुनाव प्रचार के लिए करीब 32 घंटे उनका हेलिकॉप्टर उड़ा है. इसके अलाव राजद के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य स्टार प्रचारकों के लिए भी हेलिकाॅप्टर का प्रबंध अलग से किया गया है.

ये मुद्दे उठाये

  • नौकरी व रोजगार
  • संविदा व आउटसोर्स कर्मियों का स्थायीकरण
  • जातीय गणना और आरक्षण
  • महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण
  • भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान

बिहार चुनाव की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कांग्रेस : राहुल, प्रियंका और खड़गे ने की 14 सभाएं

पहले चरण में कांग्रेस के प्रत्याशी 23 विधानसभा क्षेत्रों में लड़ रहे हैं. पहले चरण में 18 जिलों में चुनाव होना है, जिनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने 10 जिलों में कुल 14 सभाएं और एक रोड शो किया. पहले चरण में राहुल गांधी की कुल नौ, जबकि प्रियंका गांधी की चार सभाएं और एक रोड़ शो हुआ.

मल्लिकार्जुन खरगे ने सिर्फ एक सभा की. चुनाव की घोषणा होने के बाद राहुल गांधी व तेजस्वी प्रसाद यादव 29 अक्तूबर को मुजफ्फरपुर के सकरा में कांग्रेस व दरभंगा में वीआइवी के प्रत्याशी के पक्ष में संयुक्त सभाएं कीं. इसके अलावा राहुल गांधी ने 30 अक्तूबर को नालंदा व शेखपुरा, दो नवंबर को बेगूसराय व खगड़िया और चार नवंबर औरंगाबाद, कुटुंबा और वजीरगंज में हुई.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक नवंबर को बेगूसराय के बछवाड़ा व खगड़िया के बेलदौर, तीन नवंबर को सोनबरसा व लखीसराय में सभाएं की, जबकि रोसड़ा में रोड शो किया. मल्लिकार्जुन खरगे ने तीन नवंबर को राजापाकड़ में सभा की.

इसे भी पढ़ें: Bihar Chunav 2025: किस जिले में कितने बजे तक होगा मतदान, चुनाव आयोग का लेटेस्ट अपडेट

ये मुद्दे उठाये

  • बिहार की बदहाल स्थिति और बेरोजगारी
  • भाजपा के हाथ में है सीएम नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल
  • वोट चोरी
  • नौकरी व रोजगार का वादा
  • कमजोर प्रधानमंत्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >