Yamaha Aerox E vs EC-06: एक में 169km रेंज, दूसरे में 95km/h की स्पीड...जानें आपके लिए कौन रहेगा सही?

Yamaha Aerox E vs EC-06: यामाहा के दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं. एक मॉडल बेहतर परफॉर्मेंस, हाई स्पीड और एडवांस फीचर्स पर फोकस करता है, जबकि दूसरा लंबी ड्राइविंग रेंज, ज्यादा स्टोरेज और किफायती कीमत के साथ आता है.

यामाहा ने अब भारत में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो को दो ऑप्शन तक बढ़ा दिया है. एक तरफ नया लॉन्च हुआ Aerox Electric है, तो दूसरी ओर EC-06. दोनों स्कूटर अलग-अलग तरह के कस्टमर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं. ऐसे में अगर आप यामाहा का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की सोच रहे हैं, तो आइए बैटरी, रेंज, परफॉर्मेंस और फीचर्स समेत हर पहलू पर इन दोनों स्कूटर्स की कम्पैरिजन करके जानते हैं कि आपके लिए कौन-सा बेहतर रहेगा.

Yamaha Aerox E vs EC-06: बैटरी और रेंज

बैटरी और रेंज की बात करें तो दोनों Yamaha इलेक्ट्रिक स्कूटर्स एक-दूसरे से काफी अलग हैं. Yamaha EC-06 में 4kWh की बड़ी लिथियम-आयन (NMC) बैटरी दी गई है, जो IDC के मुताबिक एक बार फुल चार्ज होने पर 169 km तक की रेंज देने का दावा करती है. वहीं, Yamaha Aerox E में 1.5kWh की दो रिमूवेबल बैटरी पैक मिलते हैं, जिनकी कुल दावा की गई IDC रेंज 117 km है.

चार्जिंग के मामले में भी दोनों का तरीका अलग है. EC-06 को 100% चार्ज होने में करीब 10 घंटे लगते हैं, जबकि 80% तक चार्ज होने में लगभग 8 घंटे का समय लगता है. दूसरी ओर, Aerox E की एक बैटरी करीब 3 घंटे 10 मिनट में चार्ज हो जाती है, जबकि दोनों बैटरियों को एक साथ चार्ज करने में लगभग 6 घंटे 20 मिनट लगते हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत यही है कि बैटरियां रिमूवेबल हैं. यानी आप इन्हें स्कूटर से निकालकर अलग से भी चार्ज कर सकते हैं.

Yamaha Aerox E vs EC-06: परफॉरमेंस

अगर पावर की बात करें तो Yamaha Aerox E यहां साफ तौर पर आगे निकलता है. इसमें 9.4kW (12.6hp) की पीक पावर और 48Nm का टॉर्क मिलता है. वहीं EC-06 सिर्फ 6.7kW (8.98hp) की पावर और 26Nm टॉर्क के साथ आता है. यही वजह है कि Aerox E की टॉप स्पीड 95.5 km/h तक पहुंचती है, जबकि EC-06 की टॉप स्पीड 79 km/h है.

दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर में Economy, Standard और Power जैसे राइडिंग मोड दिए गए हैं, लेकिन Aerox E को और खास बनाते हैं इसके Power Boost और Reverse Mode. ये EC-06 में नहीं मिलते. मोटर की बात करें तो EC-06 में Interior Permanent Magnet Synchronous Motor (IPMSM) का यूज किया गया है. वहीं Aerox E को Permanent Magnet Synchronous Motor (PMSM) से लैस किया गया है.

ये भी पढ़ें: Suzuki Access 125 या Burgman Street 125? खरीदने से पहले जान लें दोनों स्कूटरों में कौन है आपके लिए बेहतर

Yamaha Aerox E vs EC-06: फीचर्स

अगर सेफ्टी की बात करें तो Yamaha Aerox E यहां EC-06 से एक कदम आगे निकल जाती है. इसमें सिंगल-चैनल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं, जो EC-06 में नहीं दिए गए हैं. हालांकि, दोनों स्कूटर्स में LED लाइटिंग, आगे और पीछे डिस्क ब्रेक और Y-Connect Bluetooth कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. इसके अलावा, दोनों 14-इंच के पहियों पर चलते हैं और बेहतर राइडिंग कम्फर्ट के लिए टेलिस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन के साथ ट्विन रियर हाइड्रोलिक शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं.

Yamaha Aerox E vs EC-06: स्टोरेज और वजन

स्टोरेज के मामले में भी EC-06 बाजी मारती दिखती है. इसमें 24.5 लीटर का बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है. वहीं Aerox Electric में सिर्फ 15 लीटर की जगह दी गई है. यानी हेलमेट या रोजमर्रा का सामान रखने के लिए EC-06 ज्यादा प्रैक्टिकल साबित हो सकती है. इतना ही नहीं, इसका वजन भी केवल 132 kg है, जो Aerox Electric के 139 kg के मुकाबले 7 kg कम है.

Yamaha Aerox E vs EC-06: कीमत

EC-06 दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में ज्यादा किफायती ऑप्शन है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.71 लाख रुपये रखी गई है. वहीं Aerox E खरीदने के लिए आपको 2.82 लाख रुपये खर्च करने होंगे. यानी Aerox E की कीमत EC-06 से करीब 1.10 लाख रुपये ज्यादा है.

Yamaha Aerox E vs EC-06: आपको किसे खरीदना चाहिए?

अगर सिर्फ कागजी आंकड़ों की बात करें, तो Yamaha Aerox E साफ तौर पर आगे नजर आती है. इसमें ज्यादा पावर, फास्ट चार्जिंग, रिमूवेबल बैटरी, ज्यादा टॉप स्पीड के साथ ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं, जो इसे ज्यादा स्पोर्टी और मजेदार स्कूटर बनाते हैं. वहीं, EC-06 की अपनी अलग खूबियां हैं. इसमें लंबी दावा की गई रेंज, बड़ा बैटरी पैक और अच्छा अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है.

आखिर में फैसला आपकी जरूरत पर डिपेंड करता है. अगर आपको फास्ट परफॉर्मेंस, एडवांस टेक्नोलॉजी और स्पोर्टी राइडिंग पसंद है, तो Yamaha Aerox E बेहतर ऑप्शन हो सकती है. लेकिन अगर आपकी प्रायोरिटी ज्यादा रेंज और डेली यूज में बेहतर प्रैक्टिकैलिटी है, तो EC-06 आपके लिए ज्यादा सही रहेगी.

ये भी पढ़ें: Suzuki Access 125 या TVS Jupiter 125? जानें ₹80 हजार के बजट में कौन-सा स्कूटर खरीदना रहेगा फायदे का सौदा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ankit Anand

अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >