अगर आपके गैरेज में पुरानी टाटा सफारी रही है और अब आप एक नई, ज्यादा पावरफुल और फीचर-लोडेड एसयूवी खरीदने की सोच रहे हैं, तो बाजार में कई ऐसे विकल्प मौजूद हैं जो शानदार परफॉर्मेंस, एडवांस टेक्नोलॉजी और बेहतर कम्फर्ट का कॉम्बिनेशन ऑफर करते हैं. आज की एसयूवी सिर्फ ऊंचे ग्राउंड क्लीयरेंस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें ऑफ-रोडिंग क्षमता, लंबी दूरी की आरामदायक ड्राइव और मॉडर्न सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं. अगर आप सफारी जैसी मजबूत पहचान वाली एसयूवी से आगे बढ़ना चाहते हैं, तो ये पांच मॉडल आपकी शॉर्टलिस्ट में जरूर होने चाहिए.
फैमिली और एडवेंचर के लिए शानदार है Mahindra Scorpio N
अगर आपको बड़ी फैमिली के साथ लंबी यात्राएं करना पसंद है और जरूरत पड़ने पर ऑफ-रोडिंग भी करनी है, तो Mahindra Scorpio N एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है. इसमें 7-सीटर लेआउट के साथ 4x4 सिस्टम का विकल्प मिलता है, जिससे मुश्किल रास्तों पर भी भरोसेमंद ड्राइविंग मिलती है. इसमें 2.2-लीटर mHawk टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो करीब 172 bhp की पावर और 400 Nm तक का टॉर्क जनरेट करता है. यह इंजन 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 17.49 लाख रुपये है.
Mahindra Thar Roxx उन लोगों के लिए जो सड़क से आगे भी जाना चाहते हैं
अगर आपकी प्राथमिकता ऑफ-रोडिंग और एडवेंचर है, तो Mahindra Thar Roxx एक मजबूत दावेदार साबित हो सकती है. 226 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस, 4x4 क्षमता और मॉडर्न केबिन इसे रोजमर्रा की ड्राइविंग के साथ-साथ कठिन रास्तों के लिए भी तैयार बनाते हैं. पहले की तुलना में इसका इंटीरियर ज्यादा प्रीमियम और आरामदायक है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.39 लाख रुपये रखी गई है.
इलेक्ट्रिक एसयूवी चाहिए तो Tata Harrier EV पर करें नजर
अगर आप पेट्रोल और डीजल से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर कदम बढ़ाना चाहते हैं, तो Tata Harrier EV एक प्रीमियम विकल्प बन सकती है. कंपनी इसे 65 kWh और 75 kWh बैटरी पैक के साथ ऑफर करती है. छोटे बैटरी पैक वाला मॉडल लगभग 538 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है, जबकि बड़ा बैटरी पैक करीब 622 किलोमीटर तक चल सकता है. ज्यादा बैटरी वाले वेरिएंट में ड्यूल मोटर सेटअप मिलता है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस और भी बेहतर हो जाती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 21.49 लाख रुपये है.
प्रीमियम ऑफ-रोड एसयूवी चाहते हैं तो MG Majestor भी है विकल्प
अगर आपका बजट ज्यादा है और आप एक लग्जरी ऑफ-रोड एसयूवी खरीदना चाहते हैं, तो MG Majestor पर विचार किया जा सकता है. इसमें 2.0-लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन मिलता है, जो करीब 212 bhp की पावर और 487 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आने वाली इस एसयूवी में 4x4 सिस्टम और तीन लॉकिंग डिफरेंशियल दिए गए हैं, जिससे कठिन रास्तों पर भी इसकी क्षमता मजबूत रहती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 40.99 लाख रुपये है.
भरोसे और दमदार रोड प्रेजेंस के लिए Toyota Fortuner अब भी मजबूत दावेदार
भारतीय बाजार में Toyota Fortuner को आज भी सबसे भरोसेमंद फुल-साइज एसयूवी में गिना जाता है. इसमें 2.8-लीटर टर्बो डीजल इंजन मिलता है, जो करीब 201 bhp की पावर देता है. इसके अलावा 2.7-लीटर पेट्रोल इंजन का विकल्प भी उपलब्ध है. लगभग 700 मिमी की वॉटर वेडिंग क्षमता इसे बाढ़ वाले या खराब रास्तों पर भी बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करती है. मजबूत बिल्ड क्वाॅलिटी और शानदार रीसेल वैल्यू इसे लंबे समय के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 34.76 लाख रुपये है.
कौन-सी एसयूवी आपके लिए रहेगी सही?
अगर आपका बजट सीमित है और फैमिली के साथ एडवेंचर भी करना चाहते हैं, तो Mahindra Scorpio N और Mahindra Thar Roxx बेहतर विकल्प हो सकती हैं. इलेक्ट्रिक फ्यूचर की ओर बढ़ना चाहते हैं तो Tata Harrier EV सबसे मजबूत दावेदार बनकर सामने आती है. वहीं प्रीमियम ऑफ-रोडिंग के लिए MG Majestor और भरोसेमंद, लंबे समय तक चलने वाली एसयूवी के तौर पर Toyota Fortuner आज भी शानदार विकल्प मानी जाती है. अपनी जरूरत, बजट और ड्राइविंग स्टाइल के अनुसार सही एसयूवी चुनना सबसे बेहतर फैसला रहेगा.
ये भी पढ़ें: Tata Sierra.ev vs MG Windsor EV Pro: कीमत में 1 लाख का फर्क, लेकिन इन 5 मामलों में है बड़ा अंतर
ये भी पढ़ें: पेट्रोल की टेंशन को कहें टाटा, सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारों पर डालें नजर, किराये पर उठाएं बैटरी
