टाटा मोटर्स अपनी सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कारों में शामिल टियागो ईवी को नए अवतार में लॉन्च करने जा रही है. कंपनी ने 28 मई को होने वाले आधिकारिक लॉन्च से पहले नेक्स्ट-जेन टाटा टियागो ईवी की पहली झलक दिखा दी है. नई टियागो ईवी में सबसे बड़ा बदलाव इसके डिजाइन में देखने को मिलेगा, जहां कार अब पहले से ज्यादा मॉडर्न और फ्यूचरिस्टिक नजर आ रही है. खास बात ये है कि कंपनी ने इसके बैटरी पैक और रेंज में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है, यानी मौजूदा मॉडल की भरोसेमंद परफॉर्मेंस नए डिजाइन के साथ जारी रहेगी. भारतीय ईवी मार्केट में जहां बजट इलेक्ट्रिक कारों की मांग लगातार बढ़ रही है, वहां टाटा की ये नई पेशकश सीधे तौर पर एमजी कॉमेट ईवी और पंच ईवी के लोअर वेरिएंट्स को चुनौती दे सकती है.
पूरी तरह बदला फ्रंट डिजाइन, अब ज्यादा प्रीमियम लुक
नई टियागो ईवी का फ्रंट फेस पूरी तरह बदल दिया गया है. कार में अब छोटे रेक्टेंगुलर एलईडी हेडलैम्प दिए गए हैं, जो पहले के मुकाबले ज्यादा शार्प और क्लीन लुक देते हैं. पुराने मॉडल की अलग-अलग डिजाइन लाइनों की जगह अब वन-पीस फ्रंट डिजाइन देखने को मिलता है. इससे कार का लुक ज्यादा प्रीमियम और एयरोडायनामिक लगता है.
कार के रियर सेक्शन में भी बदलाव किया गया है. यहां नई कनेक्टेड टेललैम्प डिजाइन दी गई है, जो हाल के टाटा मॉडल्स की डिजाइन लैंग्वेज से मेल खाती है. इसके अलावा नए एयरो-स्टाइल व्हील्स कार को और ज्यादा मॉडर्न अपील देते हैं.
केबिन में बड़े बदलाव नहीं, लेकिन नए कलर मिल सकते हैं
इंटीरियर की बात करें तो कंपनी ने केबिन लेआउट को लगभग पहले जैसा ही रखा है. हालांकि अपहोल्स्ट्री और डैशबोर्ड के लिए नए कलर ऑप्शन दिए जा सकते हैं, जिससे कार के अंदर का अनुभव थोड़ा फ्रेश महसूस होगा. फीचर्स की बात करें तो मौजूदा मॉडल वाले कई फीचर्स नए मॉडल में भी जारी रह सकते हैं.
टाटा संभवतः इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और मल्टिपल ड्राइव मोड्स जैसे फीचर्स बरकरार रखेगी.
बैटरी और रेंज वही, भरोसा भी वही
नेक्स्ट-जेन टियागो ईवी में मौजूदा मॉडल वाला 19.2kWh और 24.0kWh बैटरी पैक ही देखने को मिलेगा. छोटे बैटरी पैक वाला वेरिएंट 223 किलोमीटर की MIDC रेंज ऑफर करता है, जबकि बड़े बैटरी पैक वाला मॉडल 293 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है.
यानी कंपनी का फोकस इस बार परफॉर्मेंस बदलने के बजाय डिजाइन और विजुअल अपग्रेड पर ज्यादा दिखाई देता है. शहरों में रोजाना ड्राइव करने वाले ग्राहकों के लिए ये रेंज अभी भी काफी उपयोगी मानी जा रही है.
बजट ईवी मार्केट में बढ़ेगी टक्कर
भारत में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और टाटा मोटर्स फिलहाल इस सेगमेंट की सबसे मजबूत कंपनियों में शामिल है. नई टियागो ईवी का अपडेटेड डिजाइन उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो कम बजट में स्टाइलिश और भरोसेमंद इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं.
ऑटो इंडस्ट्री से जुड़े जानकार मानते हैं कि टियागो ईवी का यही डिजाइन अपडेट आगे चलकर टिगोर ईवी में भी देखने को मिल सकता है. ऐसे में टाटा अपनी एंट्री-लेवल ईवी लाइनअप को नए डिजाइन के साथ मजबूत करने की तैयारी में है.
यह भी पढ़ें: EV से Flex Fuel तक, 2026 में लॉन्च होंगी Tata की कई नई कारें
