अगर आप MG की नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए यह सही समय हो सकता है. JSW MG Motor India ने घोषणा की है कि वह 1 जुलाई 2026 से अपने पूरे मॉडल रेंज की कीमतों में 3% तक की बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी का कहना है कि बढ़ती इनपुट और ऑपरेशनल लागतों की वजह से यह फैसला लिया गया है. यह कीमत बढ़ोतरी MG की सभी पेट्रोल-डीजल (ICE) और इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर लागू होगी. हालांकि, हर मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमत में बढ़ोतरी अलग-अलग हो सकती है.
MG की इन सभी गाड़ियों पर पड़ेगा प्राइस हाइक का असर
बताते चले कि यह बदलाव MG की सभी ICE और इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर लागू होगा, जिनमें Astor, Hector, Hector Plus, Majestor, Comet EV, Windsor EV, Cyberster और M9 शामिल हैं. फिलहाल MG Comet EV की शुरुआती कीमत 6.31 लाख रुपये है, जबकि Astor 9.79 लाख रुपये और Hector 11.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होते हैं. वहीं, कंपनी की फ्लैगशिप SUV Majestor की शुरुआती कीमत 40.99 लाख रुपये है. हालांकि कंपनी ने अभी तक किसी खास मॉडल या वेरिएंट के लिए बढ़ोतरी की सटीक राशि का खुलासा नहीं किया है.
यह भी पढ़ें: Tata Motors का बड़ा फैसला, 1 जुलाई से महंगे होंगे कमर्शियल वाहन, खरीदने की सोच रहे हैं तो जान लें नई कीमतों का असर
MG का कहना है कि किसी भी मॉडल या वेरिएंट की कीमत में 3% से ज्यादा की बढ़ोतरी नहीं होगी. नई कीमतों की पूरी डिटेल कस्टमर्स को जुलाई के करीब मिल सकती है, जब डीलरशिप्स अपडेटेड प्राइस लिस्ट जारी करेंगी.
कंपनी ने पहले भी बढ़ाए थे दाम
इस साल MG की ओर से यह कम से कम तीसरी प्राइस हाइक है. इससे पहले जनवरी 2026 में कंपनी ने अपनी कारों की कीमतों में 2% तक की बढ़ोतरी की थी, जबकि अप्रैल 2026 में भी करीब 2% की बढ़ोतरी की गई थी. हालांकि उस समय MG के प्रीमियम MG Select मॉडल्स Cyberster और M9 को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा गया था.
इन कंपनियों ने भी बढ़ाई गाड़ियों की कीमतें
MG अकेली कंपनी नहीं है जिसने अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है. BMW, Mercedes-Benz, Kia और Tata Motors जैसी कंपनियों ने भी 1 जुलाई से नई कीमतें लागू करने की घोषणा की है. इससे साफ है कि कीमतों में बढ़ोतरी अब पूरे ऑटो इंडस्ट्री में एक आम रुझान बनती जा रही है.
यह भी पढ़ें: Seltos, Sonet और Carens होंगी महंगी, 1 जुलाई से Kia बढ़ाएगी कारों की कीमतें, जानें कितना बढ़ेगा दाम
