Kinetic Engineering की इलेक्ट्रिक गाड़ियों वाली कंपनी Kinetic Watts & Volts भारत में DX नाम का इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचती है. कंपनी ने अब इस स्कूटर को कुल चार अलग-अलग वेरिएंट में पेश किया है. इनकी कीमत 1.11 लाख रुपये से शुरू होकर 1.28 लाख रुपये तक जाती है. यह एक्स-शोरूम, पुणे की कीमत है.
पहले इस स्कूटर में 2.6kWh बैटरी वाला मॉडल मिलता था. अब कंपनी ने DX और DX+ के ऐसे नए मॉडल भी लॉन्च किए हैं, जिनमें बड़ी बैटरी दी गई है. कंपनी ने नए DX 3kWh मॉडल की पूरी जानकारी अभी शेयर नहीं की है.
सभी वेरिएंट्स में मिलते हैं ये कॉमन फीचर्स
इन चारों स्कूटर्स में LFP बैटरी और BLDC हब मोटर दी गई है. वहीं, DX+ वेरिएंट्स में Kinetic का Easy Charge सिस्टम भी मिलता है. सभी मॉडल्स में 37 लीटर का बड़ा अंडरसीट स्टोरेज, 12-इंच के व्हील्स, आगे टेलिस्कोपिक सस्पेंशन और पीछे एडजस्टेबल ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं. ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 220mm डिस्क ब्रेक और रियर में 130mm ड्रम ब्रेक मिलता है. आइए अब जानते हैं कि अलग-अलग वेरिएंट्स में क्या खास मिलता है और ये एक-दूसरे से कितने अलग हैं.
ये भी पढ़ें: एक बार चार्ज करने पर चलेगा 178km, मिलेगी 75km/h की टॉप स्पीड, मार्केट में लॉन्च हुआ नया इलेक्ट्रिक स्कूटर
Kinetic DX 2.6kWh
एंट्री-लेवल DX वेरिएंट में 2.6kWh की LFP बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 102km तक की IDC रेंज देने का दावा करती है. इसमें लगा BLDC हब मोटर 4.77kW की पीक पावर जनरेट करता है. राइडिंग के लिए इसमें Range, Power और Turbo मोड मिलते हैं.
इस स्कूटर में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और रिवर्स असिस्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. चार्जिंग के लिए इसके साथ ऑफ-बोर्ड चार्जर मिलता है. DX में मेटल बॉडी दी गई है और इसे Black और Silver कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है. इसकी कीमत 1.11 लाख रुपये रखी गई है.
Kinetic DX 3kWh
नई Kinetic DX 3kWh में बड़ी बैटरी दी गई है और इसकी कीमत 1.19 लाख रुपये रखी गई है. यह 2.6kWh वाले वेरिएंट से करीब 7,000 रुपये महंगी है. हालांकि, यहीं पर कंपनी की ओर से दी गई कुछ जानकारी थोड़ी उलझन पैदा करती है.
कंपनी ने 3kWh बैटरी और इसकी कीमत की पुष्टि तो कर दी है, लेकिन अपनी तुलना वाली वेबसाइट पर रेंज, पीक पावर, चार्जर टाइप, कलर समेत कई स्पेसिफिकेशन्स के आगे अभी 'Awaiting' लिखा है. ऐसे में फिलहाल इस वेरिएंट की IDC रेंज और मोटर पावर को लेकर कंपनी की तरफ से कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है.
Kinetic DX+ 2.6kWh
Kinetic DX+ 2.6kWh में भी 2.6kWh की LFP बैटरी दी गई है, लेकिन इसका दावा किया गया IDC रेंज थोड़ा ज्यादा, यानी 105km है. इसमें लगा BLDC हब मोटर 4.78kW की पीक पावर देता है. राइडिंग के लिए इसमें Range, Power और Turbo जैसे तीन मोड मिलते हैं.
DX+ की खास बात Kinetic का Easy Charge सिस्टम है, जो एक तरह का ऑन-बोर्ड चार्जर है. कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर करीब 3 घंटे में 0 से 80 परसेंट तक चार्ज हो जाता है. बाकी फीचर्स की बात करें तो इसमें मेटल बॉडी, 37 लीटर का स्टोरेज, रीजनरेटिव ब्रेकिंग और रिवर्स असिस्ट जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. यह स्कूटर Red, Blue, Black, Silver और White समेत पांच कलर ऑप्शन में उपलब्ध है. इसकी कीमत 1.21 लाख रुपये रखी गई है.
Kinetic DX+ 3.1kWh
रेंज के मामले में सबसे आगे रहने वाले DX+ वेरिएंट में 3.1kWh की LFP बैटरी दी गई है. इसके साथ यह स्कूटर IDC के मुताबिक 132km तक की रेंज देने का दावा करता है. हालांकि, बड़ी बैटरी के साथ यहां एक दिलचस्प बदलाव भी देखने को मिलता है. इसमें लगा BLDC हब मोटर 3.8kW की पीक पावर देता है, जबकि DX+ के 2.6kWh वेरिएंट में 4.78kW की पीक पावर मिलती है.
इसके अलावा, इस वेरिएंट में राइडिंग मोड भी कम कर दिए गए हैं. यहां सिर्फ Range और Power मोड मिलते हैं, जबकि Turbo मोड को हटा दिया गया है. बड़ी बैटरी के बावजूद इसमें Easy Charge फीचर मिलता है और स्कूटर को 0 से 80 परसेंट तक चार्ज होने में करीब 3 घंटे का समय लगता है.
फीचर्स की बात करें तो इसमें DX वाला मेटल बॉडी डिजाइन, 37 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और रिवर्स असिस्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. यह स्कूटर Red, Blue, Black, Silver और White समेत कई कलर ऑप्शन में उपलब्ध है. इसकी कीमत 1.28 लाख रुपये रखी गई है.
ये भी पढ़ें: हेलमेट, बैग और ग्रॉसरी... सब समा जाएगा, 70 लीटर बूट स्पेस के साथ नई इलेक्ट्रिक स्कूटर की हुई एंट्री
