भारतीय स्कूटर बाजार में होंडा लंबे समय से एक्टिवा के दम पर राज कर रही है, लेकिन अब कंपनी एक बिल्कुल नये सेगमेंट में बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक होंडा जल्द ही भारतीय बाजार में Honda ADV 160 को लॉन्च कर सकती है. यह कोई साधारण फैमिली स्कूटर नहीं होगा, बल्कि एडवेंचर स्टाइल डिजाइन, दमदार इंजन और प्रीमियम फीचर्स के साथ आने वाला मैक्सी स्कूटर होगा. अगर यह मॉडल भारतीय बाजार में एंट्री करता है तो स्कूटर खरीदारों को एक नया और अलग विकल्प मिल सकता है.
एडवेंचर स्कूटर सेगमेंट में बढ़ सकती है हलचल
भारत में ज्यादातर स्कूटर्स शहरों में रोजमर्रा के इस्तेमाल को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं, लेकिन Honda ADV 160 का फोकस अलग होगा. इसका डिजाइन एडवेंचर मोटरसाइकिलों से प्रेरित है, जिससे यह पारंपरिक स्कूटर्स से काफी अलग नजर आता है. ऊंची विंडस्क्रीन, मजबूत बॉडीवर्क और लंबी सीट इसे लंबी दूरी के सफर के लिए भी बेहतर बनाती है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस मॉडल के लोकलाइजेशन पर काम कर रही है. माना जा रहा है कि इसे इस साल के आखिर तक या फिर 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है.
160cc इंजन देगा दमदार प्रदर्शन
Honda ADV 160 में 156.9cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलिंडर इंजन मिलता है. यह इंजन करीब 15.8 हॉर्सपावर की ताकत और 14.7Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. स्कूटर में CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है, जिससे शहर और हाईवे दोनों जगह स्मूद राइडिंग एक्सपीरिएंस मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा इसमें होंडा का ACG स्टार्टर सिस्टम और आइडल स्टॉप टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जो ईंधन की बचत में मदद कर सकती है.
फीचर्स के मामले में भी रहेगा खास
यह स्कूटर सिर्फ लुक्स ही नहीं बल्कि फीचर्स के मामले में भी काफी एडवांस माना जा रहा है. इसमें फुल डिजिटल LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, स्मार्ट की सिस्टम, USB चार्जिंग पोर्ट, एडजस्टेबल विंडस्क्रीन और बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज जैसे फीचर्स मिल सकते हैं.
इसके अलावा 165mm ग्राउंड क्लीयरेंस भारतीय सड़कों पर बेहतर प्रदर्शन में मदद कर सकती है. स्कूटर में 14 इंच का फ्रंट व्हील और 13 इंच का रियर व्हील दिया गया है, जो स्थिरता और हैंडलिंग को बेहतर बनाते हैं.
माइलेज और डायमेंशन भी आकर्षक
Honda ADV 160 की लंबाई 1,950mm, चौड़ाई 763mm और ऊंचाई 1,196mm है. इसका व्हीलबेस 1,324mm और सीट हाइट 780mm रखी गई है. स्कूटर का वजन करीब 133 किलोग्राम है.
इसमें 8.1 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है और रिपोर्ट्स के मुताबिक यह लगभग 45 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम हो सकता है, जो इस सेगमेंट के हिसाब से अच्छा माना जाएगा.
इन स्कूटर्स से होगा सीधा मुकाबला
अगर Honda ADV 160 भारतीय बाजार में लॉन्च होता है तो इसका मुकाबला Hero Xoom 160, Yamaha Aerox 155 और आने वाले TVS Ntorq 150 जैसे प्रीमियम स्कूटर्स से होगा. एडवेंचर स्टाइल डिजाइन और प्रीमियम फीचर्स की वजह से यह उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो सामान्य स्कूटर से कुछ अलग और ज्यादा स्टाइलिश ऑप्शन तलाश रहे हैं.
यह भी पढ़ें: खराब सड़कों के लिए बेस्ट 125cc स्कूटर्स, सीट कम्फर्ट में सबसे आगे
यह भी पढ़ें: भारत के 5 सबसे पावरफुल पेट्रोल स्कूटर्स, इनके परफॉर्मेंस के सामने बाइक्स भी फीके
