कार के डैशबोर्ड पर आपने AC के पास एक छोटा-सा बटन जरूर देखा होगा, जिस पर कार के अंदर घूमता हुआ U-टर्न जैसा निशान बना होता है. कई लोग इसे यूं ही दबा देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर इसका असली काम क्या है? यह छोटा-सा बटन आपकी कार के कूलिंग सिस्टम को और भी स्मार्ट बना देता है. गर्मियों में खासकर इसका सही इस्तेमाल आपको ज्यादा कूलिंग और बेहतर माइलेज तक दे सकता है. अब सवाल ये है कि इसे कब ऑन करना चाहिए और कब नहीं? आइए जानते हैं.
Air Recirculation बटन आखिर काम कैसे करता है?
दिखने में छोटा-सा यह बटन गर्मियों में आपकी ड्राइव को काफी आरामदायक बना सकता है. असल में, जब आप इस बटन को ऑन करते हैं, तो कार बाहर की हवा को अंदर आने से रोक देती है. यानी आपकी कार के केबिन में जो हवा पहले से मौजूद है, वही बार-बार सर्कुलेट होती रहती है.
मान लीजिए आपने अभी-अभी एसी चालू किया है. शुरुआत में एसी से निकलने वाली हवा थोड़ी ठंडी होती है. एयर रीसर्क्युलेशन मोड उस ठंडी हवा को बार-बार घुमाता है, बजाय इसके कि बाहर की गर्म हवा को अंदर खींचा जाए. नतीजा यह होता है कि आपकी कार जल्दी ठंडी होती है और एसी को भी कम मेहनत करनी पड़ती है.
Air Recirculation फंक्शन कब यूज नहीं करना चाहिए?
गर्मियों में कार का एयर रीसर्क्युलेशन फीचर किसी वरदान से कम नहीं है. लेकिन सर्दियों में इसका यूज करने से बचना चाहिए. दरअसल, ठंड के मौसम में यह फीचर बाहर की ताजा ठंडी हवा को अंदर आने से रोक देता है. ऐसे में कार के हीटर को अच्छी-खासी फ्रेश एयर नहीं मिल पाती. इसकी वजह से केबिन उतना जल्दी गर्म नहीं होता. इतना ही नहीं, लगातार रीसर्क्युलेटेड हवा चलाने से कार के अंदर नमी बढ़ सकती है, जिसकी वजह से शीशों पर धुंध जमने लगती है.
सर्दियों में बेहतर होगा कि आप ‘फ्रेश एयर’ मोड का यूज करें. इससे बाहर की हवा हीटर से होकर केबिन में आती है, कार जल्दी गर्म होती है और खिड़कियों पर फॉग जमने की दिक्कत भी काफी हद तक कम हो जाती है.
यह भी पढ़ें: नई कार की डिलीवरी लेने से पहले किन-किन चीजों को करें चेक? नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
